न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को पार्टी की एक अहम बैठक कर आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा संदेश दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरना होगा।
मायावती ने कहा कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के चलते पार्टी की गतिविधियां प्रभावित जरूर हुई हैं, लेकिन अब संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और आम जनता से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
बीएसपी सुप्रीमो ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक ताकतें पार्टी के खिलाफ साजिश रच रही हैं और संगठन को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ऐसी गतिविधियों से सतर्क रहें और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को मजबूती के साथ लोगों तक पहुंचाएं।
मायावती ने मौजूदा संसद के बजट सत्र में पक्ष और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध को भी राजनीतिक दलों का खेल करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकारें जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाकर धर्म और जाति की राजनीति को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे समाज में विभाजन और तनाव का माहौल बन रहा है।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीबों, ओबीसी, एससी-एसटी, अल्पसंख्यकों, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाए और जमीनी स्तर पर जाकर उनकी आवाज बना जाए।
यह भी पढ़े:- यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: टॉयलेट के लिए उतरे यात्रियों को कंटेनर ने कुचला, 6 की मौके
मायावती ने दोहराया कि बीएसपी हमेशा सामाजिक न्याय और सर्वजन हिताय की राजनीति करती रही है और आने वाले चुनावों में भी जनता से जुड़े मुद्दे पार्टी की प्राथमिकता रहेंगे। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियानों को तेज करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के बल पर बीएसपी आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। इस बैठक में जिला, मंडल और विधानसभा स्तर के अध्यक्षों समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।



