लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चल रही सियासी अटकलों के बीच मायावती ने गठबंधन की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया और मीडिया के कुछ हिस्सों में चल रही चर्चाओं को ‘फेक न्यूज़’ और साजिश करार दिया।
बसपा सुप्रीमो ने स्पष्ट कहा कि बहुजन समाज पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक खबर पर ध्यान न दें और संगठन को मजबूत करने में जुटे रहें।
गठबंधन से बसपा को हुआ नुकसान
मायावती ने कहा कि पूर्व में सपा, कांग्रेस और भाजपा जैसी पार्टियों के साथ गठबंधन का अनुभव बसपा के लिए लाभकारी नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन के दौरान बसपा का वोट अन्य दलों को ट्रांसफर हुआ, लेकिन उनके वोट बसपा को नहीं मिले, जिससे पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि इन दलों की विचारधारा डॉ. भीमराव आंबेडकर की सोच से मेल नहीं खाती। ऐसे में पार्टी ने तय किया है कि वह ‘हाथी की मस्त चाल’ के साथ अकेले चुनावी मैदान में उतरेगी।
दिल्ली में टाइप-8 बंगले पर दी सफाई
दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा टाइप-8 बंगला आवंटित किए जाने को लेकर उठे सवालों पर भी मायावती ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आवंटन किया गया है। इससे पहले भी उन्हें इसी श्रेणी का बंगला मिलता रहा है।
यह भी पढ़े:- चीन से मंगाए ‘रोबोट डॉग’ पर विवाद, गलगोटिया यूनिवर्सिटी को AI समिट से स्टॉल हटाने का निर्देश
मायावती ने 2 जून 1995 को लखनऊ स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना के बाद से उन्हें विशेष सुरक्षा प्रदान की गई है। वर्तमान में सुरक्षा कारणों से ही नया बंगला स्वीकार किया गया है और इसे लेकर फैलाई जा रही खबरें भ्रामक हैं।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, विरोधी दल बसपा को कमजोर करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाएंगे। ऐसे में आंबेडकरवादी विचारधारा से जुड़े लोगों को सतर्क और संगठित रहने की जरूरत है।



