न्यूज डेस्क/सर्वोदय न्यूज:-उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बुढ़वल रेलवे ओवर ब्रिज पर जा रहा एक ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सीधे रेल ट्रैक पर जा गिरा। हादसे के समय उस ट्रैक से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी, जिसकी वजह से बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि बगल वाले ट्रैक पर एक ट्रेन खड़ी हुई दिखी, जिसके ऊपर टूटे हुए ब्रिज का कुछ मलबा गिरा, लेकिन ट्रेन को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना के बाद स्थल पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत की पुष्टि हुई है।
मिल रही जानकारी के अनुसार ट्रक में प्लाई की चादरें लदी थीं। अचानक नियंत्रण खोने के कारण कंटेनर सीधे नीचे ट्रैक पर गिर गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेल रूट प्रभावित, ट्रैक सुरक्षित – SSP
अधिकारियों का कहना है कि जिस ट्रैक पर ट्रक गिरा वह सुरक्षित है और ट्रेन संचालन को जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। एडिशनल SP विकास त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ है और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है।
रामनगर–फतेहपुर मार्ग पर बने इस ओवरब्रिज पर हादसे के चलते सड़क यातायात भी कुछ समय तक बाधित रहा। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और ट्रैक को जल्द बहाल किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।



