न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- देश में एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई में आई कमी को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए Essential Services Maintenance Act (ESMA) लागू कर दिया है, ताकि घरेलू गैस की सप्लाई प्रभावित न हो।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य-पूर्व में जारी तनाव और विशेष रूप से Iran में चल रहे संघर्ष के कारण गैस सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ गया है। इसी वजह से कई इलाकों में एलपीजी की कमी की आशंका जताई जा रही है।
रिफाइनरी कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने का आदेश
सरकार ने तेल और गैस से जुड़ी कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे एलपीजी का उत्पादन बढ़ाएं और सप्लाई व्यवस्था को मजबूत करें। साथ ही कहा गया है कि फिलहाल कॉमर्शियल सिलेंडरों के मुकाबले घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई को प्राथमिकता दी जाए।
सरकार का कहना है कि उत्पादन से लेकर ट्रांसपोर्ट और वितरण तक किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इन सेक्टरों को मिलेगी 100% सप्लाई
सरकार के आदेश के अनुसार कुछ जरूरी सेक्टरों को गैस की पूरी यानी 100 फीसदी सप्लाई जारी रखी जाएगी। इनमें शामिल हैं:पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस),सीएनजी सेवाएं,एलपीजी वितरण,अन्य पाइपलाइन आधारित गैस सेवाएं| इसके अलावा कुछ उद्योगों के लिए सीमित सप्लाई का प्रावधान किया गया है।
उद्योगों को कितनी मिलेगी गैस
सरकारी आदेश के मुताबिक फर्टिलाइजर प्लांट्स को उनकी सामान्य सप्लाई का लगभग 70% गैस दी जाएगी। चाय उद्योग, मैन्युफैक्चरिंग और अन्य औद्योगिक इकाइयों को उनके कोटे की करीब 80% गैस सप्लाई जारी रहेगी। गैस वितरण कंपनियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल सेक्टर को करीब 80% सप्लाई बनाए रखें।
सिलेंडर बुकिंग के लिए फिर लागू हुआ 25 दिन का नियम
सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर भी नया नियम लागू किया है। अब यदि किसी उपभोक्ता ने एक सिलेंडर लिया है तो वह अगला सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक कर पाएगा। यह नियम पहले कुछ समय के लिए हटा दिया गया था, लेकिन अब दोबारा लागू कर दिया गया है।
जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने की कोशिश
सरकार का कहना है कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोका जा सके। अफवाहों के कारण अचानक मांग बढ़ने से बाजार में संकट की स्थिति पैदा हो सकती है।
फिलहाल सरकार का दावा है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही सप्लाई व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।



