न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार चुनाव के बीच बड़ा दावा किया है। दानापुर में सोमवार को चुनावी रैली के दौरान लालू यादव ने कहा कि “तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और 14 नवंबर को बिहार में सरकार बदल जाएगी।”
यह पहली बार है जब लालू यादव इस चुनाव में प्रचार के लिए मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन की सरकार बनना तय है और जनता बदलाव के मूड में है।”
लालू बोले — तेजस्वी ही होंगे अगला मुख्यमंत्री
लालू यादव ने कहा कि जनता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। उन्होंने कहा, “बिहार में इस बार जनता महागठबंधन को आशीर्वाद दे रही है। 14 नवंबर को जब परिणाम आएंगे तो सरकार बदलेगी और तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेंगे।”
राजद प्रमुख पहले भी कई बार सार्वजनिक मंचों से यह कह चुके हैं कि तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री पद के लिए उनका चेहरा हैं।
तेजस्वी ने बताई शपथ ग्रहण की तारीख
इससे पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए शपथ ग्रहण की तारीख भी बताई थी। उन्होंने लिखा था कि“14 नवंबर को नतीजे आएंगे और 18 नवंबर को महागठबंधन सरकार शपथ लेगी।”
यह भी पढ़े:- “स्वामी प्रसाद मौर्य कब क्या बोल दें, पता नहीं; उनके बयान को गंभीरता से नहीं लेते”
तेजस्वी ने यह भी कहा था कि “26 नवंबर से 26 जनवरी 2026 के बीच बिहार के सभी अपराधी जेल में होंगे। खरमास में अपराधियों का खात्मा होगा।”
अमित शाह ने साधा निशाना
दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीतामढ़ी में रैली के दौरान महागठबंधन पर पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि “लालू यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, और सोनिया गांधी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। लेकिन बिहार में सीएम और दिल्ली में पीएम की कोई वैकेंसी नहीं है।”



