न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के निधन की खबर के बाद शिया समाज गहरे शोक में डूब गया है। इमामबाड़ों और मस्जिदों में विशेष दुआएं और मजलिसों का आयोजन किया जा रहा है।
इमाम-ए-जुमा मौलाना जफर हुसैनी ने शिया समुदाय की ओर से एक सप्ताह के शोक की घोषणा की है। इस दौरान किसी भी प्रकार के खुशी के कार्यक्रम नहीं होंगे और समाज के लोग अपनी दुकानें बंद रखकर मातम मनाएंगे। लोगों से काले कपड़े पहनने की अपील भी की गई है।
32 अंजुमनों का सामूहिक मातम
शहर की 32 अंजुमनों ने सामूहिक मजलिस और मातमी जुलूस निकालने का निर्णय लिया है। सोमवार को लाट सरैया स्थित इमामबाड़ा में सभी अंजुमनें एकत्र होकर मातम करेंगी। हालांकि रविवार देर रात पुलिस-प्रशासन ने औपचारिक अनुमति नहीं दी थी।
इमामबाड़ों में मजलिस, हर ओर चर्चा
दोषीपुरा, कालीमहाल और दालमंडी सहित मुस्लिम बहुल इलाकों में सुबह से ही खामेनेई को लेकर चर्चा होती रही। दोषीपुरा इमामबाड़ा, जव्वादिया अरबी कॉलेज और अर्दली बाजार स्थित शिया जामा मस्जिद में मजलिसें आयोजित हुईं। वक्ताओं ने खामेनेई के जीवन और उनके संदेशों को याद किया।
यह भी पढ़े:- योगी आदित्यनाथ का निर्देश: जिम में महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर अनिवार्य, सभी जिम की
दरगाहे फातमान में महिलाओं ने कैंडल जलाकर खिराज-ए-अकीदत पेश किया। शहर के कई धर्मगुरुओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने उन्हें इंसाफ और इंसानियत की आवाज बताया।
शहर मुफ्ती ने जताया दुख
मुफ्ती-ए-बनारस मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि इंसानियत पर हमला है और ऐसी घटनाएं दुनिया के लिए चेतावनी हैं।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट
स्थिति को देखते हुए पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट मोड पर रहे। सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
शारजाह की उड़ानें रद्द
ईरान-इजरायल तनाव का असर विमान सेवाओं पर भी पड़ा है। बाबतपुर एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह जाने वाली उड़ानें 1 मार्च से 5 मार्च तक रद्द कर दी गई हैं।
करीब 1785 यात्री प्रभावित हुए हैं। यात्रियों को मोबाइल संदेश के जरिए उड़ान निरस्तीकरण की सूचना दे दी गई है। शनिवार को भी दोनों निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गई थीं।
शहर में फिलहाल शोक और सतर्कता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।



