खालिस्तानी आतंकी संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) के सरगना गुरपतवंत सिंह पन्नू ने मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ को धमकी दी है।
पन्नू ने दावा किया है कि 1 नवंबर को सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) में होने वाला दिलजीत दोसांझ का कंसर्ट रद्द किया जाए, वरना वह इसे रुकवाने की कार्रवाई करेगा।
अमिताभ बच्चन से क्या है मामला जुड़ा?
पन्नू ने धमकी में कहा कि दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के पैर छूकर 1984 के सिख नरसंहार पीड़ितों का अपमान किया है।
उसने आरोप लगाया कि अमिताभ बच्चन ने 1984 में “खून का बदला खून” जैसे नारे देकर दंगों को भड़काया था और नरसंहार के दौरान पीड़ितों का साथ नहीं दिया।
पन्नू के मुताबिक, ऐसे व्यक्ति के पैर छूकर दोसांझ ने हर पीड़ित, हर विधवा और हर अनाथ का अपमान किया है।
1 नवंबर को है दिलजीत दोसांझ का शो
दिलजीत दोसांझ का यह कॉन्सर्ट 1 नवंबर 2025 को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में निर्धारित है।
उसी दिन अकाल तख्त साहिब ने “सिख नरसंहार स्मृति दिवस” के रूप में मनाने की घोषणा की है।
इसी तारीख को लेकर पन्नू और उसके संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ ने आपत्ति जताई है।
सिख्स फॉर जस्टिस का नया ऐलान
पन्नू ने कहा कि 1 नवंबर को कंसर्ट स्थल के बाहर रैली निकाली जाएगी। संगठन ने अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज को पत्र लिखकर दिलजीत दोसांझ को तलब करने और स्पष्टीकरण मांगने की मांग की है।
क्यों भड़के खालिस्तानी तत्व?
खालिस्तानी गुट का आरोप है कि दिलजीत दोसांझ ने शो की तारीख जानबूझकर ऐसी रखी है, जो सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है।
पन्नू का कहना है कि यह आयोजन “सिख पीड़ितों का मजाक उड़ाने” जैसा है। हालांकि, इस धमकी पर अभी तक दिलजीत दोसांझ या उनके मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



