न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देर रात चाय न बनाए जाने को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय पति ने अपनी पत्नी की लोहे के साबड़ से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से बाहर निकल आया और पड़ोसियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
आरोपी की पहचान रामप्रकाश राजपूत उर्फ साहेब लाल के रूप में हुई है, जो केस्को से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से वर्ष 2018 में सेवानिवृत्त हुआ था। मृतका उसकी 60 वर्षीय पत्नी ललिता थीं।
रात के विवाद से सुबह की हत्या तक
परिवार के मुताबिक, रविवार रात रामप्रकाश ने पत्नी से चाय बनाने को कहा था। देर रात होने की वजह से ललिता ने मना कर दिया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। सोमवार सुबह उनका छोटा बेटा सुरेंद्र खाना बनाकर काम पर चला गया।
पुलिस के अनुसार, बेटे के जाने के बाद जब ललिता खाना लेकर आईं तो रामप्रकाश ने खाने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने पास में रखे लोहे के साबड़ से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। महिला जमीन पर गिर पड़ी, लेकिन इसके बाद भी आरोपी ने कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
खुद दी हत्या की जानकारी
हत्या के बाद रामप्रकाश घर से बाहर निकल आया और चबूतरे पर बैठकर पड़ोसियों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने बड़े बेटे महेंद्र और परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने गैलरी में ललिता का रक्तरंजित शव पड़ा पाया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी साउथ योगेश कुमार, बर्रा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डीसीपी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच मामूली घरेलू विवाद में यह वारदात हुई है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
यह भी पढ़े:- 10 करोड़ की सुपरकार और बेकाबू रफ्तार; कौन है कानपुर का शिवम मिश्रा, जिनके शौक बने सुर्खियां
बड़े बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया साबड़ भी बरामद कर लिया है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि रामप्रकाश का आपराधिक इतिहास रहा है। करीब 40 साल पहले, वर्ष 1985 में वह पड़ोस के एक युवक की हत्या के आरोप में जेल जा चुका है। करीब एक माह जेल में रहने के बाद वह जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस अब उसके पूरे आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।



