कानपुर में एक युवक पर सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी पहचान बनाकर एक युवती से दोस्ती करने और शादी के लिए उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप लगा है. पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उसने बताया है कि आरोपी ने नौ महीने तक अपनी असली पहचान छुपाई और शादी के प्रस्ताव के बाद अपनी धार्मिक पहचान बताई और धर्म परिवर्तन का दबाव डाला.
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक पर सोशल मीडिया के जरिए नाम बदलकर दोस्ती करने और शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगा है. पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपी ने अपनी पहचान छुपाकर युवती से दोस्ती की और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला. पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर सोनू के नाम से अपनी आईडी बना रखी है.
पीड़िता ने बताया कि करीब नौ महीने पहले शुरू हुई बातचीत के दौरान युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छुपाई और नियमित संपर्क में रहा. पीड़िता ने बताया कि इस दौरान आरोपी ने कभी भी नमाज पढ़ने या अपनी धार्मिक प्रथाओं का जिक्र नहीं किया. हालांकि, जब पीड़िता ने शादी की बात उठाई, तो आरोपी ने अपनी असली पहचान उजागर की और अपना नाम सरताज बताया. इसके बाद उसने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन करने और हाथ पर बने ओम् के टैटू को हटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया.



