न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- होली के बाद बिहार की सियासत में नया राजनीतिक तनाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग के बाहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब नाराज़ जेडीयू कार्यकर्ताओं ने हिलसा (नालंदा) के विधायक प्रेम मुखिया की गाड़ी को घेर लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पटना पुलिस को मौके पर भारी संख्या में तैनात होना पड़ा।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री Nitish Kumar के राज्यसभा जाने की चर्चाओं से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी को लेकर बड़ी संख्या में जेडीयू कार्यकर्ता सीएम आवास के बाहर जुटे हुए हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को बिहार की राजनीति में ही बने रहने की मांग कर रहे हैं।
इसी बीच हिलसा विधायक प्रेम मुखिया मुख्यमंत्री से मिलने के लिए आवास पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही वे आगे बढ़े, प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। नाराज़ कार्यकर्ताओं ने गाड़ी पर हाथ मारते हुए विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए ड्राइवर ने गाड़ी पीछे की और विधायक वहां से लौट गए।
विधायक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने की खबर सुनकर वे उनसे मिलने आए थे। उनका कहना है कि वे चाहते हैं कि मुख्यमंत्री बिहार में ही रहकर नेतृत्व करें और इसी आग्रह के लिए वे उनसे मिलने पहुंचे थे।
मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। पटना के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत स्थिति का जायजा लेने के लिए सीएम आवास पहुंचे। वहीं सिटी एसपी अवधेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र सीएम आवास की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी है और आम आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने की चर्चा से राज्य की जनता के साथ धोखा हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे मुख्यमंत्री को राज्यसभा के लिए नामांकन नहीं करने देंगे।
फिलहाल सीएम आवास के बाहर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



