मथुरा /सर्वोदय न्यूज़:-देशभर की तरह उत्तर प्रदेश में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। विशेष तौर पर मथुरा-वृंदावन, जहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था, वहां के मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। देश और विदेश से हजारों श्रद्धालु मथुरा पहुंच चुके हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में भव्य झांकियों और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।
मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखनऊ से मथुरा के लिए रवाना हुए और जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मथुरा में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया जायेगा |
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी यात्रा की जानकारी देते हुए लिखा: “आज भगवान श्रीकृष्ण के 5,252वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मथुरा-वृन्दावन की पावन धरा पर मथुरा वासियों के जीवन को सरल, सुखद और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से सर्वांगीण विकास को समर्पित ₹645 करोड़ की 118 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करूंगा। इस अवसर पर पूज्य साधु-संतों के सम्मान का भी सौभाग्य प्राप्त होगा। आधुनिकता और अध्यात्म के संगम की साक्षी बनेगी यह पुण्यधरा। वृंदावन बिहारी लाल की जय!”
645 करोड़ की 118 परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी के दौरे के दौरान 118 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जायेगा|परियोजनाओं का कुल मूल्य ₹645 करोड़ है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य मथुरा-वृंदावन के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों को रोशनी और फूलों से सजाया गया है। रासलीला, झांकियां और कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया है। प्रदेश के अन्य जिलों—कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या में भी जन्माष्टमी उत्सव की तरह मनाई जा रही है।
सीएम योगी का यह दौरा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि विकास की दिशा में एक बड़ा कदम भी है। योगी सरकार का उद्देश्य मथुरा-वृंदावन को वैश्विक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है।



