न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय महाराज द्वारा यादव समाज को लेकर दिए गए एक पुराने बयान पर मचा विवाद अब शांत होने की ओर है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उठे विरोध के बीच इंद्रेश महाराज ने सार्वजनिक रूप से यादव समुदाय से माफी मांग ली है।
उन्होंने हाथ जोड़कर जारी किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी समाज या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। अगर उनके शब्दों से यादव समाज आहत हुआ है, तो इसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं।
चार साल पुराना वीडियो बना विवाद की वजह
दरअसल, यह विवाद एक चार-पांच साल पुरानी कथा का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल होने के बाद सामने आया। वायरल क्लिप में इंद्रेश महाराज यह कहते नजर आ रहे हैं कि यादव भगवान श्रीकृष्ण की संतान नहीं हैं और भगवान के प्रस्थान के बाद कोई भी यदुवंशी जीवित नहीं बचा था। इस टिप्पणी के बाद मथुरा सहित कई क्षेत्रों में यादव समाज में नाराजगी देखने को मिली।
यादव समाज ने जताया कड़ा विरोध
वीडियो सामने आने के बाद यादव समुदाय के लोगों ने इस बयान को सिरे से खारिज करते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। यादव समाज के जिला अध्यक्ष संजय यादव ने कहा था कि इंद्रेश महाराज को पूरे समाज के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि माफी नहीं मिलने की स्थिति में लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से विरोध किया जाएगा।
इंद्रेश महाराज का स्पष्टीकरण
माफी मांगते हुए इंद्रेश महाराज ने कहा कि वह कथा हमेशा प्रेम और सद्भाव के भाव से करते हैं, विवाद पैदा करना उनका उद्देश्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उस समय कथा के दौरान किसी राजघराने के व्यक्ति द्वारा व्यक्त किए गए भाव उन्होंने दोहरा दिए थे।
यह भी पढ़े:- Aaj Ka Rashifal 26 December 2025:आज इन राशियों के जीवन में रहेगा उतार-
उन्होंने यह भी कहा कि उनके कई मित्र यादव समाज से हैं और वे सभी को ठाकुर जी का ही अंश मानते हैं। साथ ही यह भी जोड़ा कि बाद की कई कथाओं में उन्होंने इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया था, लेकिन वह हिस्सा लोगों तक नहीं पहुंच सका।
‘समाज को बांटने की कोशिश हो रही’
इंद्रेश महाराज ने कहा कि समाज को आपस में लड़ाने के लिए कुछ अराजक तत्व इस तरह के मुद्दों को हवा देते हैं, जबकि वास्तव में हम सब एक हैं और अलग होने का कोई कारण नहीं है।



