न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo में बड़ा प्रबंधन बदलाव देखने को मिला है। कंपनी के सीईओ Pieter Elbers ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा ऐसे समय आया है जब एयरलाइन पिछले कुछ महीनों से उड़ान रद्द होने के विवाद और नियामकीय कार्रवाई के कारण चर्चा में रही है।
बताया जा रहा है कि करीब ढाई महीने पहले इंडिगो द्वारा बड़े पैमाने पर उड़ान सेवाएं रद्द किए जाने के बाद कंपनी पर काफी दबाव बना हुआ था।
सैकड़ों उड़ानें रद्द होने से फंसे थे यात्री
दिसंबर के शुरुआती सप्ताह में इंडिगो ने सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी थीं। इसका कारण पायलटों के लिए लागू किए गए नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों को समय पर लागू करने में कंपनी की तैयारी का अभाव बताया गया था।
इन उड़ानों के रद्द होने से देशभर में हजारों यात्री प्रभावित हुए और एयरलाइन के संचालन पर गंभीर सवाल उठे।
DGCA ने लगाया था भारी जुर्माना
उड़ान व्यवधानों के बाद विमानन नियामक Directorate General of Civil Aviation (DGCA) ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया था।
जांच रिपोर्ट के आधार पर डीजीसीए ने इंडिगो पर 22.20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया और कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स समेत दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
साथ ही एयरलाइन को 50 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जमा कराने का निर्देश भी दिया गया था। इसके अलावा इंडिगो के शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम को भी कुछ समय के लिए 10 प्रतिशत तक कम कर दिया गया था।
CCI ने भी शुरू कराई जांच
इसी बीच Competition Commission of India (CCI) ने भी इंडिगो के खिलाफ नियमों के संभावित उल्लंघन को लेकर जांच के आदेश दिए। आयोग ने अपने महानिदेशक को मामले की जांच कर 90 दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
कंपनी के मुनाफे में आई भारी गिरावट
कंपनी की वित्तीय स्थिति पर भी इस विवाद का असर दिखाई दिया है। इंडिगो की मूल कंपनी InterGlobe Aviation का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर–दिसंबर तिमाही में 78 प्रतिशत घटकर 549.1 करोड़ रुपये रह गया।
यह भी पढ़े:- क्या 2027 यूपी चुनाव से लागू होगा 33% महिला आरक्षण? सरकार कानून में बदलाव की तैयारी में
पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 2,448.8 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। हालांकि कुल आय बढ़कर 24,540.6 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 22,992.8 करोड़ रुपये थी।
शेयर में दिखी तेजी
मंगलवार को इंडिगो के शेयर में तेजी देखने को मिली। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन कंपनी का शेयर 3.46 प्रतिशत बढ़कर 4,382.45 रुपये पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह 4,475.25 रुपये तक गया।
अब सीईओ के इस्तीफे के बाद निवेशकों की नजर अगले कारोबारी सत्र में कंपनी के शेयर पर रहेगी।



