स्पोर्ट्स डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारतीय क्रिकेट के लिए सोमवार का दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका ने 408 रन के भारी अंतर से मात देकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से क्लीन स्वीप कर ली। घरेलू परिस्थितियों में यह भारत की टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार है।
साउथ अफ्रीका भारत को उसके घर में दो बार क्लीन स्वीप करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इससे पहले उन्होंने 1999-2000 में भारत को 2-0 से हराया था।
मैच में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। सेनुरन मुथुसामी ने 206 गेंदों पर 109 रन बनाए (अपने करियर का पहला शतक), मार्को यानसेन ने 93 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली | भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए, जबकि जडेजा, बुमराह और सिराज को दो-दो विकेट मिले। इसके जवाब में भारत पहली पारी में सिर्फ 201 रन ही बना सका। यशस्वी जायसवाल (58) और वॉशिंगटन सुंदर (48) थोड़ा संघर्ष दिखा सके। साउथ अफ्रीका को 288 रन की बड़ी बढ़त मिल गई।
दूसरी पारी और भारत की फिर ढही उम्मीदें
बड़ी लीड लेने के बाद साउथ अफ्रीका ने फॉलोऑन नहीं दिया और दूसरी पारी 260/6 पर घोषित कर भारत को जीत के लिए 549 रन का लक्ष्य दिया—जो टेस्ट इतिहास में पीछा किए जाने वाले सबसे बड़े स्कोरों में से एक है।
यह भी पढ़े:- ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर
भारत दूसरी पारी में भी विपक्षी गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सका और मात्र 140 रन पर ऑलआउट हो गया। मार्को यानसेन और साइमन हार्मर ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। यह हार भारत की टेस्ट क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी रन-अंतर वाली हार बनी।
इससे पहले भारत को घरेलू मैदान पर सबसे बड़ी हार 2004 में नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 342 रन से दी थी।
13 महीने में दूसरी बार क्लीन स्वीप
पिछले डेढ़ साल में भारत का घरेलू वर्चस्व बुरी तरह हिला है। अक्टूबर–नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया था। अब साउथ अफ्रीका ने भी 2-0 से क्लीन स्वीप कर भारत के “घरेलू किले” को लगातार दूसरी बार ढहा दिया है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज़ से भी यह परिणाम भारत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।



