स्पोर्ट्स डेस्क, सर्वोदय न्यूज़:- एशिया कप 2025 के सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को रोमांचक सुपर ओवर में हराकर मैच जीत लिया। लेकिन इस मुकाबले के बाद एक और पल ऐसा रहा जिसने सभी भारतीय फैंस का दिल जीत लिया। मैच खत्म होने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने इंसानियत की मिसाल पेश की।
वेल्लालागे को दिया भावनात्मक सहारा
मैच समाप्त होने के बाद सूर्यकुमार यादव सीधे श्रीलंका के युवा स्पिनर दुनिथ वेल्लालागे के पास पहुंचे और उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी। बता दें कि वेल्लालागे के पिता का निधन 18 सितंबर को श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान मैच के दिन हुआ था। दुख की इस घड़ी में भी वे अपनी टीम के लिए मैदान पर डटे रहे और सुपर-4 मुकाबलों के लिए वापसी भी की।
दर्द में भी निभाया फर्ज
दुनिथ वेल्लालागे ने अपने पिता के निधन के बाद घर लौटकर अंतिम संस्कार किया और फिर वापस टीम से जुड़े। सूर्यकुमार ने यह दर्द समझते हुए खेल के बाद उनका मनोबल बढ़ाया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो लाखों लोगों को भावुक कर रहा है।
This moment 🫶#SonySportsNetwork #DPWorldAsiaCup2025 #INDvSL pic.twitter.com/RGeDVyD02P
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) September 26, 2025
फैंस बोले – यही है असली भारतीय
फैंस ने सूर्यकुमार यादव की इस संवेदनशीलता की जमकर सराहना की है। एक यूजर ने लिखा, “सिर्फ एक कप्तान ही नहीं, एक सच्चा इंसान भी हैं SKY।” वहीं कई लोगों ने लिखा कि यही भारतीय संस्कृति की असली पहचान है।



