IND vs SA 4th T20 Match Preview: टीम इंडिया आज साउथ अफ्रीका के खिलाफ नया कीर्तिमान रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार, 17 दिसंबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में भारत के पास सीरीज अपने नाम करने का सुनहरा मौका है।
सीरीज जीत से सिर्फ एक कदम दूर भारत
भारतीय टीम इस समय सीरीज में 2-1 से बढ़त बनाए हुए है। अगर टीम इंडिया लखनऊ में यह मुकाबला जीत लेती है, तो न सिर्फ सीरीज 3-1 से अपने नाम करेगी, बल्कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक नया इतिहास भी रच देगी। ऐसा इसलिए क्योंकि अफ्रीकी टीम ने अब तक कभी पांच मैचों की टी20 सीरीज नहीं हारी है।
साउथ अफ्रीका पर पहली बार सीरीज हार का खतरा
दरअसल, साउथ अफ्रीका ने अपने टी20 इंटरनेशनल इतिहास में अब तक केवल दो बार पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली है। वेस्टइंडीज के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने 3-2 से सीरीज जीती थी , भारत के खिलाफ एक सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी |
यह भी पढ़े:- 12वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का दबदबा, रिकॉर्डतोड़ कमाई से इंडस्ट्री हैरान
लेकिन अब पहली बार साउथ अफ्रीका पर पूरी सीरीज हारने का खतरा मंडरा रहा है। अगर भारत लखनऊ या फिर 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला आखिरी टी20 जीतता है, तो यह अफ्रीकी टीम के लिए नया नकारात्मक रिकॉर्ड होगा।
घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरी टी20 सीरीज जीत की दहलीज पर भारत
अगर टीम इंडिया चौथा या पांचवां टी20 जीतने में सफल रहती है, तो यह घरेलू सरजमीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की दूसरी टी20 सीरीज जीत होगी। इससे पहले भारत ने 2022-23 में अफ्रीकी टीम के खिलाफ एक टी20 सीरीज अपने नाम की थी। उससे पहले भारत घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक भी टी20 सीरीज नहीं जीत पाया था।
कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास इतिहास बनाने का मौका
कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया के पास एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करने का मौका है। वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम भी सीरीज में बने रहने के लिए पूरी ताकत लगाएगी, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
हालांकि, लखनऊ की पिच स्पिन गेंदबाजों को मदद देती है, ऐसे में यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग होने की संभावना कम मानी जा रही है।



