न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- भारत और साउथ अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेले जा रहे चौथे टी20 मुकाबले पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। घने कोहरे (धुंध) के चलते अब तक टॉस नहीं हो सका है, जिससे मैच के रद्द होने की आशंका बढ़ गई है।
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में दृश्यता बेहद कम है। खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंपायर लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
टॉस और मैच में लगातार देरी
भारतीय समयानुसार मुकाबले का टॉस शाम 6:30 बजे होना था, जबकि मैच की शुरुआत 7 बजे निर्धारित थी। लेकिन धुंध के कारण टॉस में ही देरी हो गई। मैच अधिकारियों ने हालात का जायजा लेने के लिए कई बार निरीक्षण का समय तय किया—
- पहला निरीक्षण: 6:50 PM
- दूसरा निरीक्षण: 7:30 PM
- इसके बाद: 8:00 PM, 8:30 PM
- ताजा निरीक्षण: 9:00 PM
स्थिति में सुधार न होने से फैंस के बीच यह डर बढ़ गया है कि कहीं यह मुकाबला रद्द न हो जाए।
यह भी पढ़े:- UP में कैबिनेट विस्तार की आहट, मिल सकता है तीसरा डिप्टी सीएम; इन नामों पर चल रही चर्चा
इतने बजे तक शुरू हुआ तो ही होगा मैच
नियमों के मुताबिक, अगर रात 9:46 बजे तक पहली गेंद नहीं डाली जाती, तो IND vs SA चौथा टी20 मैच रद्द घोषित कर दिया जाएगा। अगर ठीक 9:46 PM पर खेल शुरू होता है, तो मुकाबला 5-5 ओवर प्रति टीम का होगा।
सीरीज में भारत को बढ़त
पांच मैचों की टी20 सीरीज के अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें टीम इंडिया 2-1 से आगे है।
- पहला टी20 (कटक): भारत ने 101 रन से जीत दर्ज की
- दूसरा टी20 (न्यू चंडीगढ़): साउथ अफ्रीका ने 51 रन से जीत हासिल की
- तीसरा टी20 (धर्मशाला): भारत ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया
भारत की नजरें इस मैच को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बनाने पर थीं, जबकि साउथ अफ्रीका बराबरी के इरादे से मैदान में उतरने वाला था। हालांकि, मौसम ने दोनों टीमों की योजना बिगाड़ दी है।



