न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बरेली हिंसा के बाद ज़मीनी हालात का जायजा लेने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को अलग-अलग स्थानों पर रोक दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर बरेली रवाना हुए इस 14 सदस्यीय डेलीगेशन के कई सदस्यों को यूपी पुलिस ने विभिन्न बॉर्डरों और उनके घरों पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया है।
दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर सांसद इकरा हसन, मोहिबुल्लाह नदवी और हरेंद्र मलिक को रोक दिया गया, जबकि संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क को उनके ही घर में हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। पुलिस ने रात में ही उनके घर के बाहर फोर्स तैनात कर दी थी।
इकरा हसन का बयान: ‘जनप्रतिनिधियों को जनता से मिलने से रोका जा रहा है’
कैराना से सांसद इकरा हसन ने प्रशासनिक कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा:“उत्तर प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी जैसा माहौल है। हमें बरेली जाकर आम जनता से मिलना था, लेकिन सरकार डर गई है।”
यह भी पढ़े:- “हमको दरोगा चिट्ठी लिखता है…” – बरेली जाने से रोके जाने पर…
उन्होंने कहा कि “I Love Mohammad” जैसे नारों पर आपत्ति क्यों है, यह समझ से परे है। इकरा ने आरोप लगाया कि बरेली में हिंदू-मुस्लिम विभाजन का एजेंडा चलाया जा रहा है और सरकार पीड़ितों से दूरी बनाए रखना चाहती है।
संभल में बर्क घर में नजरबंद, बोले- ‘सब कुछ ठीक है तो रोक क्यों रहे?’
सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी सवाल उठाए:“अगर बरेली में सब कुछ सामान्य है, तो जनप्रतिनिधियों को वहां जाने से क्यों रोका जा रहा है?” उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई प्रशासन की असहजता को दर्शाती है।
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन नेता शामिल हैं?
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बनाए गए प्रतिनिधिमंडल में ये नेता शामिल हैं: माता प्रसाद पांडेय (नेता प्रतिपक्ष, विधानसभा), हरेंद्र मलिक (सांसद, मुजफ्फरनगर), इकरा हसन (सांसद, कैराना), जियाउर्रहमान बर्क (सांसद, संभल), मोहिबुल्लाह नदवी (सांसद, रामपुर), नीरज मौर्य (सांसद), प्रवीण सिंह ऐरन (पूर्व सांसद), वीरपाल सिंह यादव, अताउर्रहमान (विधायक), शहजिल इस्लाम अंसारी, भगवत शरण गंगवार (पूर्व मंत्री), शिवचरण कश्यप (जिलाध्यक्ष, शमीम खां सुल्तानी (महानगर अध्यक्ष), शुभलेश यादव (प्रदेश सचिव) |
प्रशासन की सख्ती के चलते प्रतिनिधिमंडल के बरेली दौरे की योजना विफल होती नजर आ रही है। सभी नेताओं को कहीं न कहीं रोका गया है या नजरबंद किया गया है।



