न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- हज कमेटी ऑफ इंडिया वर्ष 2026 की हज यात्रा को और अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक बनाने के लिए नई तकनीक पेश कर रही है। कमेटी ने घोषणा की है कि अगले हज सीज़न में सभी चयनित यात्रियों को स्मार्ट बैंड उपलब्ध कराया जाएगा। यह बैंड हज सुविधा ऐप से जुड़ा होगा और यात्रियों की रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा प्रदान करेगा, जिससे उनके रास्ता भटकने या खो जाने की संभावना काफी कम हो जाएगी।
आपात स्थिति में यह बैंड तुरंत SMS अलर्ट भेजेगा, जिससे समय पर सहायता उपलब्ध हो सके।
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा ध्यान में रखकर बनाई गई योजना
उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि अधिकांश हज यात्री वरिष्ठ नागरिक होते हैं, जिन्हें मोबाइल ऐप का उपयोग करने में कठिनाई होती है। ऐसे में स्मार्ट बैंड उनके लिए एक सरल और प्रभावी सुरक्षा उपकरण साबित होगा।
यह भी पढ़े:- अमिताभ बच्चन झांसी के वोटर? 2003 की फर्जी SIR लिस्ट वायरल, प्रशासन ने
उन्होंने कहा कि सरकार हज यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, और यह बैंड सुरक्षा, सहायता और निगरानी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगा।
फरवरी में होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
एसपी तिवारी के अनुसार जनवरी के अंतिम सप्ताह या फरवरी तक हज कमेटी ऑफ इंडिया से स्मार्ट बैंड प्राप्त हो जाएंगे। इसके बाद प्रशिक्षण कार्यशालाएँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें यात्रियों को बताया जाएगा कि यह बैंड कैसे काम करता है, इसके फीचर क्या हैं और मुश्किल समय में इसका उपयोग कैसे करना है। यह पहल न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाएगी बल्कि उनके परिवारों को भी मानसिक शांति प्रदान करेगी।
यूपी से 18,760 हज यात्री चयनित
वर्ष 2026 की हज यात्रा के लिए उत्तर प्रदेश से 18,760 यात्रियों का चयन किया गया है। अब किस्तें जमा कराने की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद निर्धारित समय पर हज कैंप आयोजित किए जाएंगे।



