न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:– दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में 56 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। व्यक्ति अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था। शुरुआती जांच में कमरे से शक्तिवर्धक दवाइयों के खाली रैपर मिलने के बाद ओवरडोज की आशंका जताई गई, लेकिन पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
सीने में दर्द के बाद बिगड़ी हालत
पुलिस के अनुसार, मृतक हरियाणा के सोहना क्षेत्र के पास एक गांव का निवासी था और एक लॉजिस्टिक्स कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। बुधवार को वह अपनी स्कूल की महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था। महिला के बयान के मुताबिक, अचानक व्यक्ति को सीने में तेज दर्द उठा। स्थिति गंभीर होते देख उसने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिलीं शक्तिवर्धक दवाइयों के रैपर
जांच के दौरान पुलिस को कमरे से कुछ शक्तिवर्धक दवाइयों के खाली रैपर बरामद हुए। आशंका जताई जा रही है कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के इन दवाओं का सेवन किया गया होगा, जिससे हृदय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में प्राथमिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
12 मार्च को बेटे की थी शादी
परिवार के लिए यह घटना गहरा सदमा लेकर आई है। बताया जा रहा है कि 12 मार्च को मृतक के बेटे की शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कहा है कि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पूरी तरह पुष्टि हो सकेगी।



