न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार के अररिया में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस मामले पर बड़ा हमला बोलते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर देश में गृहयुद्ध भड़काने का आरोप लगाया है।
गिरिराज सिंह बोले – राहुल और तेजस्वी हैं विवाद के पीछे
बेगूसराय से बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा,”राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान के पीछे हैं। यह वही लोग हैं जो देश को हिंदू-मुस्लिम में बांटकर सत्ता पाना चाहते हैं।”
गिरिराज ने यह भी कहा कि कांग्रेस की राजनीति का मकसद देश में अराजकता और गृहयुद्ध फैलाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब नेपाल और बांग्लादेश में इस विषय को लेकर घटनाएं हुई थीं, तो इन्हीं नेताओं ने भारत में भी तनाव का माहौल बनाया।
लेह हिंसा से जोड़ा मामला
गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की भड़काऊ राजनीति का ही नतीजा था कि लेह में भी हिंसा भड़की थी, और अब उसी मानसिकता के तहत यह नया विवाद खड़ा किया गया है।
यह भी पढ़े:-बरेली हिंसा में बड़ा एक्शन: मौलाना तौकीर गिरफ्तार
ओवैसी और महबूबा मुफ्ती पर भी निशाना
गिरिराज सिंह ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और पूर्व जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को भी लपेटे में लिया। उन्होंने कहा:“ओवैसी और महबूबा जैसे नेताओं को भारत का विकास नहीं दिखता। ये सिर्फ समाज को बांटने और सत्ता हासिल करने की राजनीति करते हैं।”
नीतीश कुमार और मोदी सरकार का बचाव
जब तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगातार सवाल उठाए, तो गिरिराज सिंह ने जवाब देते हुए कहा:“सीएम नीतीश और पीएम नरेंद्र मोदी मिलकर बिहार के विकास में जुटे हैं। तेजस्वी को यह सफलता पच नहीं रही। नरेंद्र मोदी सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि अवतारी पुरुष हैं, जो भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए जन्मे हैं।”



