हमीरपुर/सर्वोदय न्यूज़:– सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर नगर पंचायत के चेयरमैन धीरेंद्र शिवहरे और अधिशासी अधिकारी (ईओ) दिनेश आर्य को कूड़ा ढोने वाली गाड़ी में बैठकर बाढ़ पीड़ितों को खिचड़ी बांटते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो में देखा गया कि दोनों अधिकारी एक लोडर के किनारे बैठे हैं, जिसमें भगौना रखा गया है, और उसी से पीड़ितों को चम्मच से खिचड़ी परोसी जा रही है। वाहन को ढंकने की कोशिश की गई, लेकिन उसमें भी सफलता नहीं मिली।
लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूज़र्स का कहना है कि बाढ़ पीड़ितों की मदद करना सराहनीय है, लेकिन जिस गाड़ी का आमतौर पर कूड़ा, मृत पशु और गंदगी ढोने के लिए उपयोग होता है, उससे भोजन पहुंचाना स्वास्थ्य मानकों और गरिमा के विरुद्ध है।
इस मामले को लेकर सर्वोदय न्यूज़ किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वीडियो 2 अगस्त का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।



