न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज:- जिले के तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अपनी शिकायत पर कार्रवाई न होने से आहत होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक की पहचान सुथना बरसोला गांव निवासी राजू साहनी के रूप में हुई है, जो पहले सऊदी अरब में नौकरी करता था।
राजू का आरोप है कि उसने विदेश में कमाकर जो पैसे अपनी पत्नी के खाते में भेजे थे, उसमें से चार लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई। उसने बताया कि घटना की शिकायत करीब 20 दिन पहले कोतवाली में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
न्याय न मिलने से परेशान होकर राजू मंगलवार सुबह गांव के ही मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और कार्रवाई की मांग करने लगा। जैसे ही लोगों ने उसे टॉवर पर देखा, मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे समझाने-बुझाने का प्रयास करने लगे।
यह भी पढ़े:-पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री योगी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, वीरांगनाओं…
राजू का कहना है कि दीवाली पर पैसों की जरूरत थी, लेकिन बैंक खाते से पैसा गायब होने और शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई न होने के चलते वह मानसिक तनाव में आ गया। उसने स्पष्ट कहा कि जब तक केस में जांच शुरू नहीं होती और उसे न्याय नहीं मिलता, वह टॉवर से नीचे नहीं उतरेगा।
फिलहाल पुलिस की टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।



