न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से वाराणसी जा रही एक स्लीपर बस में रामा देवी फ्लाईओवर पर अचानक आग लग गई। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। ड्राइवर आग लगते ही बस रोककर मौके से फरार हो गया, लेकिन पास ही यातायात पुलिस पिकेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत एक्शन लिया और यात्रियों को खींच-खींचकर बस से बाहर निकाला। उनकी तत्परता से दर्जनों जानें बच गईं।
बताया गया कि बस में आग सबसे पहले ऊपर रखे सामान में लगी, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। वाराणसी की पलक ट्रैवल्स की यह स्लीपर बस गुरुवार रात दिल्ली से निकली थी और उसमें 40–45 यात्री सवार थे। ड्राइवर ने बस की छत पर भी भारी मात्रा में यात्रियों का सामान लाद रखा था। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही संदिग्ध परिस्थितियों में सामान में आग भड़क उठी।
यह भी पढ़े:- 1978 दंगे के ‘राज़’ पर फिर शुरू हुई चर्चाएं,संभल के चर्चित कुएं की खुदाई पर बढ़ी हलचल
पुलिस पिकेट पॉइंट से करीब 70 मीटर की दूरी पर बस में आग देखकर यातायात पुलिसकर्मी दौड़कर पहुंचे और यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला। इसी बीच आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चकेरी पुलिस ने भी पूरे अभियान में सहयोग किया। आग इतनी भीषण थी कि बस में रखा यात्रियों का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
जाजमऊ फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी राहुल नंदन के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सौभाग्य से इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने आग पर काबू पाने के बाद बस को क्रेन की मदद से हटवाकर फ्लाईओवर पर यातायात सामान्य कराया।



