उत्तराखंड/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के बड़ासू क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। केदारनाथ धाम के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा क्रिस्टल एविएशन का एक हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के चलते हाईवे पर आपातकालीन लैंडिंग करने को मजबूर हुआ।
हेलिकॉप्टर ने बड़ासू हेलीपैड से टेकऑफ किया था और कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी गड़बड़ी आ गई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सड़क पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों की जान बचा ली।
पायलट की सूझबूझ से टली बड़ी जनहानि
हेलिकॉप्टर में पांच यात्री, एक पायलट और सह-पायलट सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सह-पायलट को हल्की चोट आई है, जबकि अन्य सभी सुरक्षित हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज चुकी है।
यूकाडा सीईओ सोनिका का बयान
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) की सीईओ सोनिका ने जानकारी दी कि:“क्रिस्टल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का यह हेलिकॉप्टर यात्रियों को लेकर सिरसी से उड़ा था। तकनीकी कारणों के चलते पायलट ने एहतियातन सड़क पर लैंडिंग की। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और घटना की सूचना DGCA को भेज दी गई है।” सोनिका ने यह भी स्पष्ट किया कि अन्य हेलीकॉप्टर सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
पहले भी हो चुके हैं हादसे, बढ़ी सतर्कता की मांग
यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले महीने केदारनाथ धाम में एक हेली एम्बुलेंस की लैंडिंग के दौरान दुर्घटना हो गई थी। ऋषिकेश AIIMS की उस हेली सेवा में तकनीकी खामी आ गई थी।
वहीं, 8 मई 2025 को गंगोत्री धाम जा रहा एक हेलिकॉप्टर गंगनानी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ था। उस दुर्घटना में हेलिकॉप्टर के दो टुकड़े हो गए थे और शवों को निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी थी।



