न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़ :- आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की शानदार उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश पुलिस को गर्व है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि दीप्ति शर्मा की उपलब्धि यूपी पुलिस और प्रदेश सरकार दोनों के लिए गौरव की बात है। दीप्ति शर्मा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की “कुशल खिलाड़ी योजना” के तहत स्पोर्ट्स कोटा से यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी (CO रैंक) के पद पर नियुक्त हुई थीं।
उन्होंने हाल ही में संपन्न आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में 58 रन की शानदार पारी खेली थी और 5 विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की टीम को ध्वस्त कर दिया था।
डीजीपी ने दी बधाई और शुभकामनाएं
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा—“दीप्ति शर्मा ने अपनी प्रतिभा और लगन से न केवल भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित किया है, बल्कि यूपी पुलिस के लिए भी सम्मान बढ़ाया है।
यह भी पढ़े:- इंडी गठबंधन के तीन बंदरों, पप्पू, टप्पू और अप्पू को नहीं दिख रहा विकास- सीएम योगी
उनकी यह उपलब्धि हमारे सभी कर्मियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।” उन्होंने दीप्ति शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
फाइनल में दिखाया दमदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया। उन्होंने 58 रन की पारी खेलने के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोलवॉर्ड्ट समेत कई महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को आउट किया। उनके प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 52 रनों से जीत दर्ज कर पहली बार आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनीं दीप्ति
दीप्ति शर्मा को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 22 विकेट लिए और 215 रन बनाए — जो किसी भी ऑलराउंडर के लिए असाधारण प्रदर्शन माना गया।



