देवरिया/ सर्वोदय:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को देवरिया में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला और उनके बयानों को “पाकिस्तान की भाषा” करार दिया।
“राजनीति की भी एक सीमा होती है” – योगी
मुख्यमंत्री ने विपक्ष की नीतियों और बयानबाजी को विभाजनकारी और तुष्टिकरण आधारित बताते हुए कहा, “राजनीति की भी सीमा होनी चाहिए। सत्ता में आने के लिए जातियों में बांटने वाले नेता सिर्फ अपने परिवार का विकास करते हैं, देश का नहीं।”
“सपा के नेता पाकिस्तान के प्रवक्ता जैसे बोल रहे”
पहलगाम हमले को लेकर सपा नेताओं के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा,“देश गुस्से में है, सरकार आतंकियों के मददगारों को खत्म करने की बात कर रही है और सपा नेता बयान दे रहे हैं, जिन्हें समझना मुश्किल है कि ये नेता बोल रहे हैं या पाकिस्तान के प्रवक्ता।” उन्होंने सपा महासचिव के “हिंदू-हिंदू को मारता है” बयान को न केवल दुर्भाग्यपूर्ण बताया, बल्कि कहा कि यह बयान पाकिस्तान को क्लीन चिट देने जैसा है।
“सपा नेता ने कहा – वह हमारे पार्टी का थोड़े हैं”
सीएम योगी ने पहलगाम हमले में शहीद शुभम द्विवेदी का जिक्र करते हुए कहा कि जब सपा मुखिया से उनके घर न जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “वह हमारे पार्टी का थोड़े ही है।”
मुख्यमंत्री ने इस पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “यह बेहद शर्मनाक और असंवेदनशील बयान है। विपक्ष को कम से कम देशवासियों के प्रति संवेदना दिखानी चाहिए।”
“तुष्टिकरण की पराकाष्ठा कर रहे विपक्षी नेता”
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि “जब भी जाति और तुष्टिकरण की राजनीति होगी, सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं की बयानबाजी से यही साबित होता है।”
“प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आतंकवाद का सफाया होगा”
मुख्यमंत्री योगी ने आतंकवाद के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि देश को अब एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। “जैसे देश से नक्सलवाद का सफाया हुआ है, वैसे ही जल्द आतंकवाद का भी नेस्तनाबूद होगा।”



