न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़: शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को बड़ी सौगात दी है। राजधानी में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान सीएम योगी ने घोषणा की कि जल्द ही शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाया जाएगा, साथ ही इन्हें कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी दी जाएगी। सीएम योगी ने ऐलान करते हुए कहा कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। प्रदेश में शिक्षकों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसमें बेसिक माध्यमिक वित्त विभिन्न अशासकीय विद्यालयों के करीब 9 लाख शिक्षक लाभान्वित होंगे। इसके अलावा शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। वहीं एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है जो शिक्षामित्र और अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने के बारे में जल्द ही अपनी संस्तुति देगी, उसी आधार पर सरकार मानदेय की घोषणा करेगी।
दिवाली से पहले बड़ी सौगात
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में करीब 9 लाख शिक्षक, जिनमें बेसिक, माध्यमिक और वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षक शामिल हैं, अब कैशलेस इलाज की सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा, शिक्षामित्र, अनुदेशक और मध्यान्ह भोजन की रसोइयों को भी इस सुविधा में शामिल किया गया है।
मानदेय बढ़ाने को लेकर गठित हुई उच्च स्तरीय कमेटी
योगी सरकार ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है, जो अपनी सिफारिशें जल्द ही देगी। इन्हीं संस्तुतियों के आधार पर सरकार अंतिम घोषणा करेगी।
शिक्षकों को मिला राज्य अध्यापक पुरस्कार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने परिषदीय स्कूलों के 66 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान 2204 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरित किए गए।
स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा पर ज़ोर
सीएम योगी ने 1236 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया और 5 स्कूलों के प्रधानाचार्यों को मंच से प्रमाण पत्र भी दिए। योगी ने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और तकनीक-संपन्न शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
टैबलेट पाने वाले प्रमुख प्रधानाचार्य:
इस अवसर पर प्रदेश के 2204 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरण किया गया। इनमें महोबा से सरगम खरे और ज्ञानवंत सिंह, प्रयागराज के धर्मेन्द्र कुमार, चंदौली के राजेश यादव और गाजियाबाद की डॉ. विभा चौहान को मुख्यमंत्री द्वारा मंच से टैबलेट प्रदान किया गया।
बाल वाटिकाओं की शुरुआत और पोषण योजना से जुड़ाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग ने बाल वाटिकाओं का नया स्वरूप तैयार किया है। 5000 से अधिक बाल वाटिकाएं इस सत्र में शुरू की जा चुकी हैं। यहां पढ़ने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री पोषण योजना से जोड़ा जाएगा।
भारतीय संस्कृति पर आधारित पाठ्यक्रम पर ज़ोर
सीएम योगी ने एससीईआरटी से कहा कि पुस्तकों में भारतीय पात्रों का चयन करें। रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों से प्रेरणा लें। किताबें पतली रखें ताकि बच्चे डरें नहीं, बल्कि खेल-खेल में सीखें।
मंत्री बोले: शिक्षक समाज के लिए आदर्श
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सरकार समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। माध्यमिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने कहा कि योगी सरकार के नेतृत्व में नकल पर पूरी तरह नकेल लगी है। नकल माफिया अब पराजित हैं और पकड़े जाने पर उन्हें एक करोड़ रुपये का जुर्माना और आजीवन कारावास का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थी को विद्वान बनाता है और गुरु विद्यार्थी को महान। शिक्षक समाज और बच्चों के लिए आदर्श हैं।



