न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार दोपहर एक भीषण रेल हादसा हुआ। एक MEMU पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे 6 यात्रियों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा बिलासपुर स्टेशन के पास शाम 4 बजे के करीब हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैसेंजर ट्रेन का एक कोच मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और फंसे यात्रियों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला जा रहा है।
गैस कटर से निकाले जा रहे फंसे लोग
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि ट्रेन के कुछ यात्री अभी भी डिब्बों में फंसे हुए हैं। बचाव दल गैस कटर मशीनों की मदद से कोच को काटकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहा है।
राहत-बचाव अभियान जारी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और मंडल रेल प्रबंधक मौके पर पहुंच चुके हैं।
सिग्नल तोड़ने से हुआ हादसा
SECR के अनुसार, हादसे की वजह MEMU ट्रेन द्वारा सिग्नल पार करना (Signal Overshoot) बताई जा रही है। ट्रेन ने निर्धारित सिग्नल तोड़ दिया और सामने खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि MEMU ट्रेन का एक कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
रेल रूट पर परिचालन ठप
टक्कर के बाद ओवरहेड वायर और सिग्नल सिस्टम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे रेल रूट पर परिचालन ठप हो गया है। कई ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया है।
यह भी पढ़े:- UP Home Guard Vacancy: उत्तर प्रदेश में होम गार्ड के 45,000 पदों पर भर्ती का ऐलान
रेलवे ने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और रेल सुरक्षा आयुक्त जांच करेंगे।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों और परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं —
- चंपा जंक्शन: 808595652
- रायगढ़: 975248560
- पेंड्रा रोड: 8294730162
- आपातकालीन नंबर: 9752485499, 8602007202
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
घटनास्थल पर जुटी भीड़, जांच के आदेश
स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री ट्रेन से कूदकर बाहर निकले। फिलहाल रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



