जम्मू-कश्मीर/नई दिल्ली(न्यूज़ डेस्क)/सर्वोदय न्यूज़:- भारत ने इंजीनियरिंग की दुनिया में एक और कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जम्मू-कश्मीर में बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज – चिनाब ब्रिज का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री ने हाथ में तिरंगा लहराया और ब्रिज पर पैदल चलकर देशवासियों को गौरव की अनुभूति कराई।
एफिल टॉवर से भी ऊंचा है चिनाब ब्रिज
यह ब्रिज चिनाब नदी पर स्थित है और इसकी ऊंचाई नदी तल से 359 मीटर (1,178 फीट) है, जो फ्रांस के एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा है। पुल की लंबाई 1,315 मीटर है और इसे बनाने में 28,000 टन स्टील का इस्तेमाल हुआ है। यह पुल -40°C तापमान और तेज भूकंपों को झेलने में सक्षम है।
कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी
चिनाब ब्रिज के उद्घाटन के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कटरा से श्रीनगर तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से हर मौसम में जोड़ेगी, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को समय और लागत दोनों में बड़ी राहत मिलेगी।
कश्मीर की अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया जीवन
यह परियोजना उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) का हिस्सा है और इससे कश्मीर के बागवानी उद्योग को जबरदस्त फायदा होगा। अब सेब और अन्य फल उत्पादक सीधे देश के अन्य राज्यों में अपनी फसल भेज सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कनेक्टिविटी बागवानी कारोबार को 12,000 करोड़ से बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये तक ले जा सकती है।
चिनाब ब्रिज और रेल लिंक भारतीय सेना के लिए भी रणनीतिक दृष्टिकोण से बेहद अहम साबित होगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सैनिकों और आपूर्ति सामग्री को तीव्रता से पहुंचाया जा सकेगा।



