न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्होंने पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
बैठक के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की एक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक समाप्त होने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। अस्वस्थ महसूस करने पर वह सर्किट हाउस में ही लेट गए, लेकिन आराम न मिलने पर उन्हें तत्काल पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
एक दिन पहले मनाया था जन्मदिन
बताया जा रहा है कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने 1 जनवरी को अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। अचानक हुए इस निधन से समर्थकों में गहरा दुख है। अस्पताल और उनके आवास पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
2022 में लगातार दूसरी बार बने थे विधायक
डॉ. श्याम बिहारी लाल ने 2022 के विधानसभा चुनाव में फरीदपुर की सुरक्षित सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया था। इससे पहले 2017 में उन्होंने इसी सीट से पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी।
यह भी पढ़े:- असली चुनौती अब शुरू होगी… शुभमन गिल पर इरफान पठान, राहुल द्रविड़ का किस्सा किया साझा
कहा जाता है कि आजादी के बाद गठित फरीदपुर विधानसभा सीट पर इससे पहले कोई भी प्रत्याशी लगातार दो बार जीत दर्ज नहीं कर सका था। डॉ. श्याम बिहारी लाल ने इस परंपरा को तोड़ते हुए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को पराजित किया था।
शिक्षाविद से जनप्रतिनिधि तक का सफर
पेशे से रूहेलखंड विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर रहे डॉ. श्याम बिहारी लाल ने शिक्षा जगत से राजनीति तक का सफर तय किया। उन्होंने अपने सरल स्वभाव और जमीनी जुड़ाव के कारण क्षेत्र में अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से फरीदपुर विधानसभा सहित पूरे बरेली जिले में शोक का माहौल है।



