Sunday, February 8, 2026

Buy now

spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

मंत्री को रोकने वाले भाजपा विधायक बृजभूषण के बयान से मचा सियासी बवाल, पिता की पोस्ट भी बनी चर्चा का विषय

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:-जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोकने वाले चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत इन दिनों अपने बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा दिया गया बयान-“मंत्री क्या चीज हैं, जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री को भी रोकेंगे”—जिले की राजनीति में हलचल पैदा कर गया है।

इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया। इसी बीच विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत का एक फेसबुक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसने मामले को और हवा दे दी।

वायरल वीडियो में मंत्री पर साधा निशाना

बीते दो दिनों में सोशल मीडिया पर विधायक बृजभूषण राजपूत के दो वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें वह जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को लेकर जलशक्ति मंत्री पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। इन वीडियो में विधायक कहते दिख रहे हैं कि मंत्री का काफिला रोकना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। हालांकि, इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पार्टी नेताओं ने जताई नाराजगी

विधायक के बयान को लेकर पार्टी के भीतर भी असहजता देखने को मिल रही है। बजट की जानकारी देने महोबा पहुंचे संगठन के जिला प्रभारी संजीव श्रंगी ऋषि ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी विधायक मंत्री, सांसद या मुख्यमंत्री पर इस तरह की टिप्पणी नहीं कर सकता। मामले को संगठन स्तर पर ले जाने की बात कही गई है।

भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने भी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “विधायक जी का यह कहना कि मुख्यमंत्री को रोकेंगे, हद से ज्यादा है।”

पिता की फेसबुक पोस्ट ने खींचा ध्यान

विवाद बढ़ने के बीच विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा—“महादेव मेरे विधायक बेटे को सद्बुद्धि दें। अहंकार मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु होता है। कोई भी व्यक्ति खुद को पार्टी से बड़ा न समझे।”

यह भी पढ़े:- Aaj ka Rashifal 5 February 2026: सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा 5 फरवरी का दिन? 

यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। हालांकि, कुछ समय बाद इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया।

पहले भी मंत्री का काफिला रोकने को लेकर आए थे सुर्खियों में

गौरतलब है कि हाल ही में विधायक बृजभूषण राजपूत ने लगभग 40 गाड़ियों के काफिले के साथ महोबा पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक दिया था। मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि विधायक के बयान से नया विवाद खड़ा हो गया।

वायरल वीडियो में विधायक यह दावा करते भी नजर आ रहे हैं कि विधायक बनने से पहले उन्होंने झांसी में तत्कालीन मंत्री प्रदीप जैन को भी बंधक बनाया था। उन्होंने कहा कि वह पहले लापरवाह अधिकारियों को “चूड़ियां पहना देते थे।”

इसके साथ ही उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में हर विधायक और सांसद ‘इंजन’ है, जबकि दूसरी पार्टियों में सिर्फ ‘डिब्बे’ होते हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

1,388FansLike
133FollowersFollow
621SubscribersSubscribe
- Advertisement -[cricket_score]

Latest Articles