मथुरा/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित रमणरेती आश्रम में आयोजित कार्ष्णि गोपाल जयंती के 95वें वार्षिक महोत्सव में योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि भारत भगवान राम, कृष्ण और हनुमान का देश है। उन्होंने कहा कि “यह बाबर का देश नहीं है, जो बाबर की बात करेगा वह बर्बाद हो जाएगा।”
महावन क्षेत्र में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में देशभर से संत-महात्मा और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने योग शिविर का संचालन करते हुए योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोग रहता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।
समसामयिक मुद्दों पर भी बोले
अपने संबोधन में बाबा रामदेव ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी विचार व्यक्त किए। बंगाल से जुड़े एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने उपरोक्त टिप्पणी की। साथ ही उन्होंने प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए संत समाज से आपसी मतभेदों से दूर रहने की अपील की।
संतों ने भी दिए प्रवचन
महोत्सव में मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास महाराज ने रमणरेती की महिमा का वर्णन करते हुए इसे ‘कलयुग में स्वर्ग का द्वार’ बताया। उन्होंने कहा कि यह भूमि भक्ति और साधना का प्रमुख केंद्र है।
प्रसिद्ध कथावाचक रमेश भाई ओझा ने ‘नवधा भक्ति’ पर प्रवचन देते हुए रामचरितमानस और श्रीमद्भागवत में वर्णित भक्ति के नौ रूपों की व्याख्या की। उन्होंने कहा कि भक्ति के ये स्वरूप मानव जीवन को आध्यात्मिक दिशा प्रदान करते हैं।
यह भी पढ़े:-कौन हैं प्रोफेसर नेहा सिंह? चीनी रोबोट विवाद के बाद चर्चा में आईं गलगोटिया यूनिवर्सिटी की फैकल्टी
कार्यक्रम में स्वामी ज्ञानानंद महाराज, कार्ष्णि सुमेधानंद, कार्ष्णि बृजानंद, स्वामी विश्ववेशरानंद, कार्ष्णि गोविंदानंद, कार्ष्णि हरदेवानंद, कार्ष्णि श्याम सुंदर महाराज, कार्ष्णि नागेंद्र महाराज और आचार्य अशोक जोशी सहित अनेक संतों ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। भव्य आयोजन के साथ रमणरेती आश्रम एक बार फिर भक्ति, योग और सनातन परंपरा के प्रमुख केंद्र के रूप में चर्चा में रहा।



