न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- नए साल के आगमन से पहले अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 तक के सभी वीआईपी दर्शन पास पूरी तरह बुक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि बीते एक महीने से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, हालांकि इसके बावजूद मंदिर प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
डॉ. मिश्रा के अनुसार, सामान्य दर्शन मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को औसतन 30 मिनट के भीतर रामलला के दर्शन हो जा रहे हैं। मंदिर में पास प्रणाली के तहत दर्शन की एक तय दैनिक सीमा रखी गई है। हर दो घंटे के स्लॉट में 400 वीआईपी पास जारी किए जाते हैं, जो 1 जनवरी तक पूरी तरह भर चुके हैं। इसके साथ ही मंदिर में होने वाली आरती के लिए जारी किए जाने वाले सभी पास भी बुक हो चुके हैं।
31 दिसंबर को मनाई जाएगी प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की दूसरी वर्षगांठ
रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की दूसरी वर्षगांठ प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर 31 दिसंबर को मनाई जाएगी। इस विशेष आयोजन में मुख्य अतिथि और यजमान के रूप में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। इससे पहले शनिवार से पंचदिवसीय अनुष्ठानों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यह भी पढ़े:- हर विधानसभा में कितने घटे वोट? अखिलेश यादव ने पेश किया गणित, भाजपा में घमासान
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासी और पेजावर मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु माध्वाचार्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ के निर्देशन में यह आयोजन संपन्न होगा। अनुष्ठानों की व्यवस्था के लिए स्वामी श्री तीर्थ अयोध्या पहुंच चुके हैं। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि रामलला के श्रीविग्रह में दैवीय शक्तियों के आधान के लिए अनुष्ठान प्रातःकाल से शुरू होंगे, जबकि प्रतिदिन सायंकाल भगवान की पालकी यात्रा निकाली जाएगी।
इस अनुष्ठान के यजमान के रूप में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी रविवार को अयोध्या पहुंचेंगे। वह करीब ढाई घंटे तक राम मंदिर परिसर में रहेंगे।
अभिषेक, आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विस्तृत कार्यक्रम
ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि 31 दिसंबर को यज्ञशाला में होने वाले अनुष्ठान और मंदिर के भीतर अभिषेक का कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। अभिषेक का सजीव प्रसारण श्रद्धालु देख सकेंगे। श्रृंगार और अभिषेक के बाद 11:30 बजे भगवान का पट भोग के लिए बंद किया जाएगा, जबकि दोपहर 12 बजे भगवान की आरती संपन्न होगी। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।
इसके बाद दोपहर 2 बजे अंगद टीला पर आयोजित समारोह में दोनों अतिथि अपना संबोधन देंगे। समारोह के उपरांत रामकथा का शुभारंभ होगा और सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले 29 दिसंबर से संगीतमय मानस पाठ का आयोजन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। वहीं, दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य महाराज के श्रीमुख से कथा प्रवचन होगा।
उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए अंगद टीला में प्रवेश सुग्रीव पथ के माध्यम से कराया जाएगा। नए साल से पहले राम नगरी अयोध्या पूरी तरह भक्ति और उत्सव के रंग में रंगती नजर आ रही है।



