न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां गोलगप्पा खाना एक महिला के लिए परेशानी का कारण बन गया। दिबियापुर से औरैया आईं एक महिला का गोलगप्पा खाते समय अचानक जबड़ा डिसलोकेट हो गया। यह वाकया अस्पताल के पास घटा और देखते ही देखते आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
जानकारी के अनुसार, इंककला देवी, पत्नी वीरेंद्र, निवासी गौरीकिशनपुर, ककोर, अपने भतीजे की बहू की डिलीवरी के चलते अस्पताल में रातभर रुकी थीं। सुबह बच्चों की ज़िद पर परिवार गोलगप्पा खाने ठेले पर पहुंचा।
परिवार के साथ आई महिला सावित्री ने बताया-“दीदी जैसे ही बड़ा गोलगप्पा मुंह में डालने के लिए मुंह खोला, उनका जबड़ा खुला रह गया। पहले लगा सामान्य दर्द होगा, लेकिन मुंह बंद न होने पर तुरंत अस्पताल ले गए।”
यह भी पढ़े:- शीतकालीन सत्र से पहले PM मोदी का विपक्ष पर वार-“पराजय की हताशा से बाहर निकलें”
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और जबड़े को सामान्य स्थिति में लाने की कोशिश की, मगर राहत नहीं मिली। मामला गंभीर देखते हुए महिला को उच्च चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
परिवार इस अचानक हुई घटना से दहशत में है। महिला अब भी मुंह सही तरीके से बंद नहीं कर पा रही हैं और दर्द की शिकायत कर रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह के मामलों में बहुत तेज़ी से मुंह खोलने या बड़े आकार का खाद्य पदार्थ एक बार में खाने से जबड़ा डिसलोकेट होने की संभावना रहती है।
घटना के बाद गोलगप्पा ठेला संचालक भी चिंतित है, जबकि स्थानीय लोग इसे बेहद अनोखी और दुर्लभ घटना बता रहे हैं।



