पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर लखनऊ के साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अटल गीत गंगा कार्यक्रम में कवि कुमार विश्वास आकर्षण का केंद्र रहे। अपनी कविताओं और व्यंग्य से उन्होंने पूरे सभागार को बांधे रखा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मंच पर मौजूद थे।
कुमार विश्वास ने अपने चुटीले अंदाज में कहा कि संत दो प्रकार के होते हैं। एक वे जिनसे सज्जन मिलते हैं और मोक्ष प्राप्त करते हैं, जबकि दूसरे संत योगी आदित्यनाथ जैसे होते हैं, जिनसे अगर कोई दुष्ट मिल जाए तो उसे भी मोक्ष मिल जाता है। उन्होंने इसे जरूरी बताते हुए व्यंग्य में कहा कि पहले डॉक्टर पर्चे पर ‘आरएक्स’ लिखते थे, अब ‘आरडीएक्स’ लिखने लगे हैं। इस टिप्पणी पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
कुमार विश्वास ने सामाजिक बदलाव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एक समय आगरा के सफेद कब्रिस्तान को देखने लोग जाते थे, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और आज अयोध्या को देखने वालों की संख्या कहीं ज्यादा है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन से जुड़ा एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि जब राम के अस्तित्व पर कोर्ट में केस चल रहा था और उसी दौरान राम नवमी की छुट्टी पड़ गई तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि जब छुट्टी है, तो राम जरूर हैं। इस टिप्पणी पर भी दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं।
कार्यक्रम में कुमार विश्वास ने अपनी चर्चित और नई कविता ‘भवानी सुन लो राम कहानी’ का सस्वर पाठ किया, जिसने श्रोताओं को भावुक कर दिया। इसके अलावा उन्होंने श्रोताओं की मांग पर कई अन्य रचनाएं भी सुनाईं।
अटल जी जैसा दूरदर्शी नेता कोई नहीं: योगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल बिहारी वाजपेयी की कविता ‘हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अटल जी की कविताएं संकट के समय हर नागरिक को प्रेरणा देती हैं। अटल जी कवि हृदय होने के साथ-साथ देश के लिए मजबूत इच्छाशक्ति वाले नेता भी थे। ग्राम्य विकास, नगरीय कनेक्टिविटी और अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने में उनका योगदान अतुलनीय रहा।
यह भी पढ़े:- अरावली पहाड़ियों पर केंद्र सरकार का सख्त फैसला, नए खनन पट्टों पर पूर्ण प्रतिबंध
सीएम योगी ने कहा कि अटल जी ने विपरीत परिस्थितियों में भी भाजपा का नेतृत्व किया और हमेशा आशा का संदेश दिया। उन्होंने विपक्ष को दिया गया अटल जी का संदेश दोहराया—“भाजपा से लड़ो, भारत से नहीं।” योगी ने कहा कि अटल जी की कविताएं आज भी हर कार्यकर्ता और देशवासी को दिशा देती हैं।
पाकिस्तान में भी लोकप्रिय थे अटल जी: राजनाथ सिंह
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी उन दुर्लभ नेताओं में से थे जिन्हें पद के बिना भी सम्मान मिलता था। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान यात्रा के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा था कि अटल जी पाकिस्तान में भी इतने लोकप्रिय हैं कि अगर वे वहां से चुनाव लड़ें तो जीत सकते हैं। राजनाथ सिंह ने अटल जी के जीवन से जुड़े कई रोचक प्रसंग भी साझा किए।



