सर्वोदय/ देश -विदेश:- दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में शुक्रवार को आए दो तेज भूकंपों ने व्यापक तबाही मचाई। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में कई इमारतें हिल गईं, और एक निर्माणाधीन 30 मंजिला टावर चंद सेकंड में ढह गया। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग मलबे में फंसे हुए हैं।
भूकंप के झटके बैंकॉक के अलावा म्यांमार में भी महसूस किए गए, जिससे वहां भी दहशत का माहौल बन गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और जर्मनी के जीएफजेड भूविज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र म्यांमार में था, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। भूकंप के तुरंत बाद थाईलैंड के उपप्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई ने स्थिति का आकलन किया और बताया कि बैंकॉक में ढही इमारत में कम से कम तीन श्रमिकों की मौत हुई, और 81 लोग मलबे में फंसे हैं।
भूकंप के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें निर्माणाधीन इमारत ढहते हुए दिखाई दे रही थी। इसके अलावा, भूकंप के झटके से बैंकॉक की सड़कों पर पानी बहने लगा और कई इमारतों से मलबा गिरने की घटनाएं हुईं।
भूकंप के बाद लोग घबराए हुए थे और घनी आबादी वाले इलाकों से बाहर निकलने के लिए भागे। प्रधानमंत्री पैटोंगटार्न शिनावात्रा ने आपातकालीन बैठक बुलाई है और आपदा के प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। म्यांमार में भूकंप से धार्मिक स्थलों और घरों को भी नुकसान पहुंचा है, लेकिन वहां के गृहयुद्ध के कारण नुकसान की विस्तृत जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो पाई है।



