न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को लखनऊ क्राइम ब्रांच ने बुधवार रात करीब 2 बजे शाहजहांपुर जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया। वह लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकते ही पुलिसकर्मी पहले से मौजूद थे और उन्होंने अमिताभ ठाकुर को एसी कोच से नीचे उतार लिया। इसके बाद उन्हें सीधे देवरिया ले जाया गया, जहां भूमि आवंटन से जुड़े केस में उनकी पूछताछ की जाएगी।
भूमि आवंटन विवाद में दर्ज है मुकदमा
अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर ने बताया कि करीब तीन महीने पहले लखनऊ पुलिस ने देवरिया में उनके और उनके पति के खिलाफ भूमिआवंटन विवाद में एफआईआर दर्ज की थी। नूतन का कहना है कि वह इस भूमि को 25 वर्ष पहले ही छोड़ चुकी हैं।
यह भी पढ़े:- गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: गिरफ्तार सह-मालिक अजय गुप्ता का दावा-“मैं तो सिर्फ
नूतन के अनुसार, रात में उनके पति जरूरी कार्य से दिल्ली जा रहे थे तभी शाहजहांपुर स्टेशन पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों ने ट्रेन से उतार लिया। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय कोई पुलिसकर्मी गिरफ्तारी की वजह तक बताने को तैयार नहीं था।
नूतन ठाकुर ने जताई अनहोनी की आशंका
नूतन ठाकुर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पति की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। इसके बाद, कुछ देर में लखनऊ पुलिस ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ के लिए देवरिया ले जाया जा रहा है।
जीआरपी ने दी जानकारी
जीआरपी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि जैसे ही लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस शाहजहांपुर स्टेशन पर पहुंची, लखनऊ क्राइम ब्रांच की टीम पहले से तैयार थी। टीम अमिताभ ठाकुर को ट्रेन से नीचे उतारकर अपने साथ ले गई।



