न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में आम जनता को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनता बस सेवा की शुरुआत की गई है। सोमवार को इस सेवा का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय और कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्सना बंधु भी मौजूद रहीं।
शुभारंभ कार्यक्रम अकबरपुर डिपो स्थित बस स्टेशन परिसर में आयोजित किया गया, जहां पांच बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन बसों का संचालन जिले के विभिन्न ग्रामीण और कस्बाई रूटों पर किया जाएगा।
साधारण बसों से 20 फीसदी कम होगा किराया
परिवहन निगम की ओर से चलाई जा रही मुख्यमंत्री जनता बस सेवा का किराया साधारण रोडवेज बसों की तुलना में 20 प्रतिशत कम तय किया गया है। इससे खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों, मजदूरों और गरीब वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़े:- आतंक के खिलाफ बिहार का बड़ा एक्शन प्लान: इन जिलों में खुलेंगे ATS के नए कमांड ऑफिस
हालांकि, जिन बसों को इस सेवा के तहत चलाया जा रहा है, वे अधिकतर पुरानी बसें हैं, जिन्हें रंगाई-पुताई के बाद मुख्यमंत्री जनता बस सेवा का नाम दिया गया है।
9 रूटों पर चलेंगी कुल 21 बसें
अकबरपुर डिपो के एआरएम हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री जनता बस सेवा के तहत 9 रूटों पर कुल 21 बसों का संचालन किया जाएगा। फिलहाल शुभारंभ के मौके पर 5 बसें चलाई गई हैं, जबकि शेष बसों को मंगलवार से अलग-अलग मार्गों पर भेजा जाएगा।
गरीबों और ग्रामीणों को मिलेगी राहत: जनप्रतिनिधि
एमएलसी हरिओम पाण्डेय ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से गरीब और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। लंबे समय से गांवों में रोडवेज बसों के संचालन की मांग की जा रही थी, जिसे देखते हुए परिवहन निगम ने यह फैसला लिया है।
इन रूटों पर संचालित होंगी मुख्यमंत्री जनता बसें
- अकबरपुर से बसखारी – अतरौलिया
- अकबरपुर से राजेसुल्तानपुर
- अकबरपुर से कप्तानगंज
- अकबरपुर से कम्हरियाघाट
- अकबरपुर से कम्हरियाघाट – बेलघाट
- अकबरपुर से दोस्तपुर – कादीपुर – चांदा
- अकबरपुर से सैदापुर – जलालपुर – बंदीपुर
- अकबरपुर से सैदापुर – जलालपुर – कटका
- अकबरपुर से न्यौरी – दुल्हुपुर



