लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़ — विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत – अवध प्रांत द्वारा मां चंद्रिका देवी धाम, कठवारा (लखनऊ) स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर परिसर में एक विशेष गोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन, विशेषकर ग्राहकों को जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पर्यावरण आयाम प्रमुख प्रमोद पांडे ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “पर्यावरण संरक्षण में ग्राहक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्राहक केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाला जागरूक वर्ग है। आज जरूरत है कि ग्राहक कपड़े या कागज के थैलों को अपनाएं और सिंगल यूज प्लास्टिक को त्यागें।”

पर्यावरण संरक्षण पर लिया गया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान “पर्यावरण संरक्षण संकल्प पत्र” भी वितरित किए गए, जिसमें जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त भारत जैसे विषयों पर सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने वृक्षारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे: प्रांतीय अध्यक्ष यशपाल सिंह,प्रांतीय उपाध्यक्ष ओंकार पांडे,प्रांतीय संगठन मंत्री आर.पी. सिंह,पर्यावरण संरक्षण आयाम प्रमुख प्रकाश चंद बरनवाल,प्रांतीय कोषाध्यक्ष राम शंकर अवस्थी,सह कोषाध्यक्ष प्रेम शंकर वर्मा,स्वरोजगार सृजन प्रभारी नरेंद्र कश्यप,महानगर सचिव लक्ष्मीकांत पांडे सहित अन्य सदस्य।
2025 की थीम: प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करना
प्रकाश चंद बरनवाल ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत 1973 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा की गई थी, और 2025 की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” पर आधारित है, जो आज की सबसे बड़ी वैश्विक पर्यावरणीय चुनौती है।
प्रांतीय अध्यक्ष यशपाल सिंह ने कहा, “पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति में हमारी ही भूमिका रही है, अब समय है उसे सुधारने का।” उन्होंने यह भी कहा कि वृक्ष लगाना और पुराने वृक्षों को संरक्षित रखना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
आर.पी. सिंह बिसेन ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध की आवश्यकता बताई और कहा कि “ग्राहकों को जागरूक करना और प्लास्टिक मुक्त जीवन अपनाना हमारा प्रमुख उद्देश्य है।”
वृक्षारोपण के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में श्री खाटू श्याम मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचे। इस मौके पर मीडिया प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी भी सराहनीय रही।
विशेष घोषणा: कार्यक्रम के समापन पर प्रांत अध्यक्ष ने महानगर अध्यक्ष के रूप में लक्ष्मीकांत पांडे की नियुक्ति की घोषणा की।



