न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। इसी दौरान केतकी सिंह के बयान और उसके बाद सपा छात्र सभा का उनके घर पर प्रदर्शन के मामले में सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि साल 2017 के “टोटी कांड” को लेकर उन्होंने सीधे तौर पर तत्कालीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी पर साजिश रचने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि यह पूरा मामला भाजपा की साजिश था और एक प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान के स्टिंग ऑपरेशन में इसका खुलासा भी हो चुका है।
क्या था ‘टोटी कांड’?
जब साल 2017 में उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार बनी, तब मुख्यमंत्री आवास की मरम्मत के दौरान कुछ नल (टोटियां) गायब होने की रिपोर्ट सामने आई थी। भाजपा ने उस समय समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर आरोप लगाया था कि पूर्व मुख्यमंत्री आवास से सामान चोरी हुआ है, जिसमें टोटियां भी शामिल हैं।
“हम पर टोटी चोरी का आरोप लगाया गया” — अखिलेश यादव
शुक्रवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा:”हम पर टोटी चोरी का आरोप लगाया गया। हमारे घर को गंगाजल से धुलवाया गया। लेकिन हम यह बात नहीं भूल सकते कि यह साजिश आईएएस अवनीश अवस्थी और एक अन्य ओएसडी आईएएस कौशिक (जो अब भाग गया है) ने रची थी।”
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “यह बात आप भूल सकते हो, हम नहीं भूल सकते। जब सरकार बदलेगी तो इसका जवाब मिलेगा।”
Ketki Singh के बयान पर पलटवार
भाजपा विधायक केतकी सिंह द्वारा एक बार फिर टोटी कांड का जिक्र किए जाने पर समाजवादी छात्र सभा द्वारा उनके आवास पर प्रदर्शन किया गया। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि:”आज भी भाजपा की विधायक हमारे बारे में वही बातें कह रही हैं, जो पहले कही गई थीं। सब लोग अब समझ चुके हैं कि असली साजिश क्या थी।”
ABVP पर भी साधा निशाना, बताया ‘अखिल भारतीय वीडियो पिटाई’
बाराबंकी में श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के एक विधि पाठ्यक्रम की संबद्धता को लेकर ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) द्वारा किए गए प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव ने ABVP का नया नामकरण करते हुए कहा:”अब यह संगठन अखिल भारतीय वीडियो पिटाई बन गया है। छात्र और संगठन के लोग दुखी हैं, क्योंकि जहां भी प्रदर्शन होता है, वहां लाठीचार्ज भी होता है।”
उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि यह विरोध प्रदर्शन तो अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होना चाहिए, क्योंकि भाजपा खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताती है।
मुख्यमंत्री योगी पर अप्रत्यक्ष निशाना
अखिलेश ने सीएम योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना कटाक्ष करते हुए कहा:”जो कुर्सी पर बैठा है, वह भाजपा का सदस्य नहीं है। पता नहीं कितने लोगों का भविष्य उस कुर्सी को पाने के चक्कर में बर्बाद हो गया।”



