न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- अयोध्या के राम मंदिर के मुख्य शिखर पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मध्वजा फहराई। इस मौके पर सियासी गलियारों में चर्चाओं का विषय बना समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का सोशल मीडिया पोस्ट।
अखिलेश यादव ने प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए संदेश में इटावा में बन रहे श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर का उल्लेख किया और इशारों ही इशारों में अन्य मंदिरों के दर्शन और संकल्प पूर्ण करने की बात कही।
अखिलेश यादव का संदेश
सपा प्रमुख ने लिखा:“पूर्णता ही पूर्णता की ओर ले जाती है। ईश्वरीय प्रेरणा से इटावा में निर्माणाधीन ‘श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर’ के पूर्ण होने पर अन्य मंदिरों के दर्शन का संकल्प भी पूर्ण करेंगे। आस्था जीवन को सकारात्मकता और सद्भाव से भरने वाली ऊर्जा का ही नाम है। दर्शन के लिए ईश्वरीय इच्छा ही मार्ग बनाती है, वही बुलाती है। सच तो ये है कि हम सब तो ईश्वर के बनाए मार्ग पर बस चलकर जाते हैं। आस्थावान रहें, सकारात्मक रहें।”
यह भी पढ़े:– राम मंदिर से PM मोदी का संदेश: “नहीं दरिद्र, कोउ दुखी ना दीना”
इस संदेश के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद ही वह दर्शन के लिए अयोध्या आएंगे।
सियासी पृष्ठभूमि और चर्चाएं
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और अब के ध्वजारोहण समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक चर्चाएं लगातार होती रही हैं।
भाजपा नेता अक्सर सवाल उठाते रहे हैं कि सपा प्रमुख अभी तक मंदिर में दर्शन क्यों नहीं गए। इसी बीच, दो दिन पहले अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा था कि उन्हें अगर न्योता मिला, तो वह नंगे पांव मंदिर में दर्शन करने जाएंगे।
अखिलेश यादव ने पहले भी स्पष्ट किया था कि राम मंदिर दर्शन का समय केवल मंदिर निर्माण के पूर्ण होने के बाद होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सबसे पहले इटावा में श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन परिवार के साथ करेंगे।
इटावा का यह मंदिर सफारी पार्क के सामने निर्माणाधीन है और जल्द ही पूरा होने वाला है।



