न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार को आयोजित डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उनके संबोधन के दौरान अचानक बिजली कट गई। हालात और भी शर्मनाक तब हो गए, जब बिजली बहाल करने के लिए जनरेटर चलाया गया, लेकिन उसमें डीजल तक नहीं था। करीब 15 से 20 मिनट तक कार्यक्रम बाधित रहा, जिससे डिप्टी सीएम खासे नाराज नजर आए।
यह घटना फतेहाबाद स्थित सती मंदिर परिसर में आयोजित ग्राम जन चौपाल कार्यक्रम के दौरान हुई। स्वागत के बाद उपमुख्यमंत्री ने जैसे ही बोलना शुरू किया, महज पांच मिनट में ही मंच और पंडाल अंधेरे में डूब गया।
अधिकारियों से पूछताछ, जनरेटर रूम तक दौड़े जनप्रतिनिधि
बिजली गुल होते ही डिप्टी सीएम ने मंच से ही पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों से कारण पूछ लिया। इसके बाद सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और जिलाधिकारी तक जनरेटर रूम की ओर दौड़ते नजर आए। जांच में सामने आया कि जनरेटर में डीजल ही नहीं था।
यह भी पढ़े:- कानपुर में ‘दृश्यम’ जैसी वारदात: प्रेमी ने 7 बच्चों की मां की हत्या कर गड्ढे में दफनाया शव, 8 महीने
आनन-फानन में कर्मचारियों को डीजल लाने भेजा गया। इस दौरान बिजली सप्लाई बहाल होने में करीब 20 मिनट का समय लग गया।
मंच से ही दिए कार्रवाई के निर्देश
बिजली आने के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंच से ही नाराजगी जाहिर करते हुए लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बिजली गुल रहने के दौरान काफी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल से उठकर जाने लगे, जिन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं और खुद उपमुख्यमंत्री ने हाथ के इशारे से रोकने की कोशिश की।
पूरा घटनाक्रम
- 2:45 बजे – डिप्टी सीएम कार्यक्रम स्थल पहुंचे
- 3:30 बजे – संबोधन शुरू
- 3:35 बजे – अचानक बिजली गुल
- 3:55 बजे – बिजली सप्लाई बहाल
क्या बोले डिप्टी सीएम
अपने संबोधन में डिप्टी सीएम ने जीरामजी एक्ट की खूबियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कानून भ्रष्टाचार पर रोक लगाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में यह ऐतिहासिक कानून बनाया गया है।
एसआईआर के तहत मतदाताओं के नाम कटने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम काटे नहीं गए हैं, बल्कि नाम जोड़ने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। यदि किसी मतदाता का नाम छूटा है तो वह फॉर्म-6 भरकर सूची में नाम जुड़वा सकता है।



