Home Blog Page 78

‘यह नरेंद्र मोदी की सरकार है, जो…नक्सलवाद पर अमित शाह का सख्त संदेश-“हथियार उठाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा”

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा है कि जो भी हथियार उठाकर हिंसा करेगा, उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने नक्सलियों से अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट आएं।

“सरेंडर करने वालों के लिए रेड कार्पेट”

लोकसभा में चर्चा का जवाब देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सरकार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का स्वागत करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि जो लोग हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। लेकिन जो निर्दोष लोगों पर हमले करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

विचारधारा को बताया मूल कारण

अमित शाह ने कहा कि वामपंथी उग्रवाद का कारण केवल गरीबी या पिछड़ापन नहीं, बल्कि एक विशेष विचारधारा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और “अन्याय” के नाम पर हथियार उठाना स्वीकार्य नहीं हो सकता।

विकास और सुरक्षा—दोनों पर जोर

उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास के साथ-साथ सख्त सुरक्षा नीति भी लागू कर रही है। शाह ने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्रों में पहले ‘लाल आतंक’ के कारण विकास बाधित था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और तेजी से प्रगति हो रही है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

गृह मंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दशकों तक आदिवासी क्षेत्र विकास से वंचित रहे, जिसकी जिम्मेदारी पूर्व सरकारों की है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इन इलाकों तक विकास पहुंचा है।

सुरक्षा बलों की सराहना

अमित शाह ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान में अर्धसैनिक बलों, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, राज्य पुलिस और स्थानीय आदिवासियों का महत्वपूर्ण योगदान है।

“नक्सल मुक्त भारत” का लक्ष्य

गृह मंत्री ने विश्वास जताया कि बड़े फैसलों के बाद अब देश को नक्सलवाद से मुक्त करना भी सरकार के एजेंडे में शामिल है और इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

होर्मुज खोलो,वरना… ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी-ऊर्जा ठिकानों पर हमले की दी धमकी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को जल्द नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर बड़ा सैन्य हमला कर सकता है।

“समझौता नहीं तो तबाही तय”

सोशल मीडिया पर जारी बयान में ट्रंप ने कहा कि भले ही बातचीत में प्रगति हो रही है, लेकिन यदि जल्द कोई समझौता नहीं हुआ और होर्मुज मार्ग को तुरंत नहीं खोला गया, तो अमेरिकी सेना ईरान के बिजली संयंत्रों, तेल कुओं और खार्ग द्वीप जैसे अहम ठिकानों को निशाना बना सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर समुद्री जल को पीने योग्य बनाने वाले संयंत्र (डिसैलिनेशन प्लांट) भी हमलों की जद में आ सकते हैं।

ईरान की पलट चेतावनी

दूसरी ओर, ईरान ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि अगर उसके क्षेत्र पर हमला हुआ, तो वह फारस की खाड़ी में बारूदी सुरंगें बिछा सकता है। इससे वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।

क्षेत्र में हमले और बढ़ती गतिविधियां

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और इज़रायल ने क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। वहीं ईरान पर आरोप है कि उसने कुवैत में एक महत्वपूर्ण बिजली और पानी संयंत्र तथा इज़रायल की एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया है।

6 अप्रैल तक की समयसीमा

ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान को समझौते के लिए सीमित समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा ढांचे पर हमले फिलहाल रोके गए हैं, लेकिन यह रोक 6 अप्रैल तक ही लागू रहेगी। इसके बाद अमेरिका कड़ी कार्रवाई कर सकता है।

सैन्य तैयारी भी जारी

एक ओर बातचीत की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर अमेरिका खाड़ी क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती भी कर रहा है। इससे संकेत मिलते हैं कि कूटनीति के साथ-साथ सैन्य विकल्प भी खुले रखे गए हैं।

वहीं, तेहरान ने अमेरिका के इस रुख पर सवाल उठाते हुए कहा है कि बातचीत के नाम पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई जा रही है। हालांकि ईरान ने सीधे तौर पर किसी औपचारिक वार्ता से इनकार किया है।

सीएम योगी ने छात्रों को दी बड़ी राहत, 27 लाख से अधिक विद्यार्थियों को 3350 करोड़ की स्कॉलरशिप ट्रांसफर

लखनऊ/सर्वोदय न्यूज़:– उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के लाखों छात्रों को बड़ी सौगात दी। राज्य सरकार ने 27,99,982 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में करीब 3,350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति सीधे ट्रांसफर की।

इस योजना का लाभ कक्षा 9, 10 से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिला। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दीपेंद्र कुमार, नेहा सिंह, वैभव पाठक और निहाल फातिमा समेत कई छात्रों को मंच पर बुलाकर प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

विपक्ष पर साधा निशाना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2016-17 में पिछली सरकार ने अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों की छात्रवृत्ति रोक दी थी और केंद्र से मिले धन का दुरुपयोग किया गया।

DBT से पारदर्शिता पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब छात्रवृत्ति वितरण में पारदर्शिता लाई गई है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए पैसा सीधे छात्रों के खातों में भेजा जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि गरीबों के हक में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान
इस मौके पर सरकार ने युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं  स्वामी विवेकानंद योजना के तहत जल्द ही 2 करोड़ युवाओं को टैबलेट बांटे जाएंगे। नीट, आईआईटी और एनडीए की तैयारी के लिए अभ्युदय कोचिंग को और सशक्त बनाया जाएगा। नए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जिलों में एक घंटा इन कोचिंग सेंटरों को दें। कन्या सुमंगला योजना के तहत प्रदेश की 26 लाख बेटियां इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं, जिसके लिए बजट में 400 करोड़ की व्यवस्था की गई है। बेरोजगारों की स्क्रीनिंग और उन्हें योग्यतानुसार नौकरी दिलाने के लिए विशेष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

पूर्व सरकारों पर आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने विकास के बजाय केवल नाम बदलने की राजनीति की। उन्होंने आरोप लगाया कि महापुरुषों के नाम पर बने संस्थानों के नाम बदले गए, जिन्हें वर्तमान सरकार ने फिर से बहाल किया।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और देश के प्रतीकों पर सवाल उठाना संविधान का अपमान है, जिसे देश का गरीब और वंचित वर्ग कभी स्वीकार नहीं करेगा।

यूपी में स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच को लेकर विशेष अभियान, 1 से 15 अप्रैल तक चलेगी सख्ती

न्यूज़ डेस्क/ सर्वोदय न्यूज़:- स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर 1 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इसी क्रम में 30 मार्च 2026 को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय जनपद अयोध्या में एआरटीओ (प्रशासन) डॉ. आर.पी. सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी स्कूलों में अप्रैल माह के दौरान विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। साथ ही स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर वाहनों से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड कराने और स्कूल प्रबंधन से शपथ पत्र भी ऑनलाइन जमा कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि जिन स्कूल बसों और वैन की फिटनेस समाप्त हो चुकी है, उनकी सूची तैयार कर संबंधित विद्यालयों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

प्रशासन की ओर से सभी स्कूल प्रबंधन से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज अपडेट रखें और जिन वाहनों की फिटनेस खत्म हो गई है, उन्हें तुरंत फिटनेस प्रमाणित कराएं। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बिना फिटनेस या आयु सीमा पार कर चुके वाहनों से बच्चों का परिवहन बिल्कुल न किया जाए।

यदि 1 से 15 अप्रैल के बीच अभियान के दौरान कोई भी वाहन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे संबंधित विद्यालयों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यह अभियान बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, इसलिए सभी स्कूलों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

नीतीश के संभावित इस्तीफे से बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव, तेजस्वी के लिए खुल सकता है मौका

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार की राजनीति एक बड़े बदलाव के दौर में प्रवेश करती दिख रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता छोड़ दी है और उनके राज्यसभा जाने के बाद यह कयास तेज हो गए हैं कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री पद भी छोड़ सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो करीब दो दशकों से राज्य की राजनीति का केंद्र रहे नीतीश का प्रभाव कम होता दिखेगा।

भाजपा के लिए बढ़त का मौका

नीतीश के हटने की स्थिति में भारतीय जनता पार्टी को सीधा फायदा मिल सकता है। अब तक गठबंधन में “छोटे भाई” की भूमिका निभा रही भाजपा पहली बार राज्य की सत्ता में प्रमुख भूमिका में आ सकती है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि भविष्य में भाजपा का ही कोई चेहरा मुख्यमंत्री बन सकता है।

जेडीयू की स्थिति हो सकती है कमजोर

जनता दल यूनाइटेड की राजनीति काफी हद तक नीतीश कुमार के व्यक्तित्व पर टिकी रही है। उनके सक्रिय राजनीति से हटने पर पार्टी में मजबूत नेतृत्व की कमी दिख सकती है। दूसरे पंक्ति के नेता जैसे ललन सिंह या विजय चौधरी अभी तक उस स्तर का जनाधार नहीं बना पाए हैं, जिससे पार्टी को नुकसान हो सकता है।

सामाजिक समीकरणों में बदलाव

नीतीश कुमार का कोर वोट बैंक—खासतौर पर EBC (अति पिछड़ा वर्ग), OBC, महादलित और महिलाओं का एक बड़ा वर्ग—अब बंट सकता है। यह वर्ग अब भाजपा और विपक्ष के बीच विभाजित हो सकता है। इससे राज्य में नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण बनेंगे।

द्विध्रुवीय हो सकती है राजनीति

अब तक बिहार में त्रिकोणीय राजनीति थी, जिसमें जेडीयू अहम भूमिका निभाती थी। लेकिन नीतीश के हटने के बाद मुकाबला सीधा दो ध्रुवों के बीच सिमट सकता है—भाजपा बनाम राष्ट्रीय जनता दल

तेजस्वी यादव के लिए बड़ा अवसर

इन बदलते हालातों में तेजस्वी यादव के लिए बड़ा राजनीतिक अवसर बन सकता है। अब तक राजनीति “नीतीश बनाम बाकी” के इर्द-गिर्द घूमती थी, लेकिन उनके हटने से विपक्ष को नया स्पेस मिलेगा।

तेजस्वी के सामने सबसे बड़ी चुनौती और मौका दोनों यही होगा कि वह यादव-मुस्लिम वोट बैंक के अलावा EBC, अन्य पिछड़ी जातियों और दलित वर्ग को भी अपने पक्ष में ला सकें। अगर वह इसमें सफल होते हैं, तो उनके मुख्यमंत्री बनने की संभावना मजबूत हो सकती है।

यूपी में अब दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा सहित 31 मामलों में नहीं होगी FIR, डीजीपी ने क्यों दिया ऐसा निर्देश?

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रक्रिया को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा समेत 31 प्रकार के मामलों में पुलिस सीधे FIR दर्ज नहीं करेगी। इस संबंध में राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सभी जिलों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

क्या है नया निर्देश

नए आदेश के मुताबिक, इन मामलों में थाने पहले शिकायत दर्ज करेंगे, लेकिन FIR तभी लिखी जाएगी जब संबंधित अदालत से आदेश प्राप्त होगा। यानी अब इन मामलों में सीधे पुलिस कार्रवाई की जगह न्यायालय की भूमिका पहले होगी।

हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद फैसला

यह कदम इलाहाबाद हाई कोर्ट लखनऊ बेंच की सख्त टिप्पणी के बाद उठाया गया है। अदालत ने 25 फरवरी को एक मामले की सुनवाई के दौरान कहा था कि कुछ धाराओं में सीधे FIR दर्ज करना कानूनी प्रावधानों के खिलाफ है।

कोर्ट ने अनिरुद्ध तिवारी बनाम उत्तर प्रदेश सरकार मामले में यह स्पष्ट किया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कुछ धाराओं में तभी संज्ञान लिया जा सकता है, जब पीड़ित पक्ष अदालत में शिकायत दर्ज करे।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

DGP ने माना कि कई बार पुलिस नियमों के विपरीत FIR दर्ज कर देती है, जिससे आरोपियों को अदालत में फायदा मिल जाता है और जांच प्रभावित होती है। इसे गंभीर त्रुटि बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

किन मामलों में लागू होगा नियम

इस नए निर्देश के दायरे में कई तरह के मामले शामिल हैं, जैसे:

  • दहेज प्रताड़ना
  • घरेलू हिंसा
  • मानहानि
  • चेक बाउंस (Negotiable Instruments Act)
  • कंज्यूमर प्रोटेक्शन से जुड़े मामले
  • पशुओं के प्रति क्रूरता
  • खनन (Mines and Minerals Act) से जुड़े मामले

इन सभी मामलों में कानून के तहत पहले अदालत में परिवाद दाखिल करना जरूरी है।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

DGP ने थाना प्रभारियों और विवेचकों से कहा है कि वे संबंधित कानूनों का गंभीरता से अध्ययन करें और उसी के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। बिना कानूनी प्रावधान के FIR दर्ज करने से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

इस फैसले से पुलिस प्रक्रिया में बड़ा बदलाव आएगा और कई मामलों में पहले न्यायालय की अनुमति लेना अनिवार्य हो जाएगा।

PAN–Aadhaar में नाम अलग हुआ तो 1 अप्रैल से पैन हो सकता है बेकार, तुरंत करें सुधार

न्यूज़ डेस्क/सर्वोय न्यूज़:- 1 अप्रैल से पैन कार्ड से जुड़ा एक अहम नियम लागू होने जा रहा है, जो सीधे आपके वित्तीय कामों को प्रभावित कर सकता है। अगर आपके PAN और Aadhaar में नाम की स्पेलिंग अलग-अलग है, तो आपका पैन कार्ड ‘इनऑपरेटिव’ यानी निष्क्रिय किया जा सकता है। ऐसे में आप बैंकिंग, ITR फाइलिंग और अन्य वित्तीय लेन-देन में पैन का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।

सिर्फ लिंक नहीं, नाम का मिलान भी जरूरी

अब तक यह माना जाता था कि PAN और Aadhaar को लिंक करना ही पर्याप्त है, लेकिन नए नियमों के अनुसार दोनों में नाम का पूरी तरह मेल खाना भी अनिवार्य है। छोटी सी स्पेलिंग गलती भी बड़ी समस्या बन सकती है। इसलिए 1 अप्रैल से पहले यह जांच और सुधार करना बेहद जरूरी है।

क्या है नया बदलाव

सरकार का उद्देश्य वित्तीय प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना है। इसी के तहत PAN–Aadhaar लिंकिंग को अनिवार्य किया गया था। अब अगर दोनों दस्तावेजों में नाम अलग पाया जाता है, तो सिस्टम इसे अमान्य मान सकता है और पैन को अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।

इनऑपरेटिव PAN से क्या होगा असर

अगर आपका PAN निष्क्रिय हो जाता है, तो कई जरूरी काम रुक सकते हैं:

  • ITR फाइल नहीं कर पाएंगे
  • बैंकिंग लेन-देन में दिक्कत
  • लोन और क्रेडिट कार्ड में बाधा
  • निवेश से जुड़े कार्य प्रभावित

घर बैठे ऐसे करें नाम सुधार

1. Aadhaar में नाम सही करें

  • UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
  • “Update Aadhaar” सेक्शन में लॉगिन करें (OTP के जरिए)
  • “Name Update” विकल्प चुनें
  • सही नाम दर्ज कर दस्तावेज अपलोड करें (PAN, पासपोर्ट, वोटर ID)
  • सबमिट करने के बाद URN से स्टेटस ट्रैक करें

2. PAN में नाम सुधारें

  • NSDL या UTIITSL वेबसाइट पर जाएं
  • “PAN Correction” फॉर्म भरें
  • सही नाम दर्ज करें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें
  • फीस जमा कर आवेदन सबमिट करें
  • कुछ दिनों में अपडेटेड PAN जारी हो जाएगा

3. लिंक स्टेटस जरूर जांचें

  • सुधार के बाद इनकम टैक्स वेबसाइट पर जाकर “Link Aadhaar Status” चेक करें
  • अगर लिंक नहीं है, तो दोबारा लिंक करें

ध्यान रखने वाली बात

PAN और Aadhaar में नाम बिल्कुल एक जैसा होना चाहिए। जैसे “Kumar” और “K.” जैसे अंतर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। समय रहते सुधार करना जरूरी है, वरना 1 अप्रैल के बाद वित्तीय कामों में परेशानी आ सकती है।

नीतीश कुमार ने विधान परिषद से दिया इस्तीफा, सीएम पद पर बरकरार; नए मुख्यमंत्री की चर्चा तेज

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- बिहार की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। Nitish Kumar ने विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वह अभी भी राज्य के मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। उनके इस फैसले के बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

हाल ही में Nitish Kumar को राज्यसभा के लिए चुना गया था। संवैधानिक नियमों के तहत उन्हें 30 मार्च तक विधान परिषद की सदस्यता छोड़नी थी, जिसे उन्होंने पूरा कर दिया।

इस्तीफा स्वीकार, सभापति ने दी पुष्टि

बिहार विधान परिषद के सभापति Awadhesh Narayan Singh ने मुख्यमंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, जदयू एमएलसी Sanjay Kumar Singh Gandhi ने त्यागपत्र सभापति को सौंपा।

मंत्रियों के बयान

बिहार सरकार के मंत्री Ashok Choudhary ने कहा कि नीतीश कुमार जैसे नेता देश को मुश्किल से मिलते हैं और वह पार्टी के मार्गदर्शक हैं।
वहीं Vijay Kumar Choudhary ने बताया कि राज्यसभा सदस्य बनने के कारण मुख्यमंत्री ने एमएलसी पद छोड़ा है और प्रक्रिया पूरी कर दी गई है।

राजनीतिक सफर पर एक नजर

Nitish Kumar साल 2006 से लगातार विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। मई 2024 में वह चौथी बार एमएलसी बने थे, जिनका कार्यकाल 2030 तक था।
उन्होंने 16 मार्च 2026 को राज्यसभा चुनाव जीता और अब पहली बार उच्च सदन के सदस्य बनने जा रहे हैं। इससे पहले वह विधानसभा और लोकसभा दोनों के सदस्य रह चुके हैं।

अनंत सिंह से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा

इस्तीफे से पहले मोकामा विधायक Anant Singh ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने सिर्फ आशीर्वाद लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा के बावजूद मुख्यमंत्री अपने फैसले पर कायम हैं।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि वह अभी मुख्यमंत्री बने हुए हैं, लेकिन भविष्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं लगातार बढ़ रही हैं।

Aaj Ka Rashifal 30 March 2026: इन 4 राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण दिन, सोच-समझकर लें फैसले

Aaj Ka Rashifal 30 March 2026: 30 मार्च 2026 का दिन ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के कारण कई राशियों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। आज शुक्र मेष राशि में स्थित हैं, गुरु मिथुन राशि में बने हुए हैं। चंद्रमा सिंह राशि में माघ नक्षत्र में केतु के साथ युति कर रहा है, जिससे मानसिक अस्थिरता और बेचैनी बढ़ सकती है। वहीं बुध, मंगल और राहु कुंभ राशि में हैं, जिससे बाजार में अस्थिरता और वैश्विक तनाव की स्थिति बनी रह सकती है। सूर्य और शनि मीन राशि में होने से सरकारी कार्यों और विदेश नीति से जुड़े मामलों में बाधाएं देखने को मिल सकती हैं।

मेष राशि

आज मानसिक तनाव बढ़ सकता है। प्रेम संबंधों में विवाद की स्थिति बन सकती है और बच्चों को लेकर चिंता रहेगी। बड़े निर्णय फिलहाल टालना बेहतर रहेगा। व्यापार सामान्य रहेगा। सूर्य को जल अर्पित करना लाभकारी होगा।

वृषभ राशि

घर में विवाद या कलह की स्थिति बन सकती है। संपत्ति से जुड़े मामलों में परेशानी आ सकती है। स्वास्थ्य विशेषकर हृदय से संबंधित समस्याओं का ध्यान रखें। हरी वस्तुओं का दान शुभ रहेगा।

मिथुन राशि

गले, नाक या कान से जुड़ी दिक्कत हो सकती है। व्यापार में हल्की अस्थिरता रहेगी, लेकिन परिवार और प्रेम जीवन अच्छा रहेगा। मां काली की आराधना से लाभ मिलेगा।

कर्क राशि

धन हानि के संकेत हैं, इसलिए निवेश से बचें। मुंह या दांत से जुड़ी समस्या हो सकती है। व्यापार और पारिवारिक जीवन सामान्य रहेगा। लाल वस्तु पास रखना शुभ रहेगा।

सिंह राशि

बेचैनी और घबराहट बनी रह सकती है। स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी है। हालांकि प्रेम और व्यापार की स्थिति ठीक रहेगी। पीली वस्तु साथ रखें।

कन्या राशि

सिरदर्द, आंखों में परेशानी और अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं। पार्टनरशिप में सावधानी रखें और फिलहाल विदेश यात्रा टालें। शनि देव की पूजा लाभकारी रहेगी।

तुला राशि

आय में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन निरंतरता बनी रहेगी। यात्रा थोड़ी कठिन हो सकती है लेकिन आगे चलकर लाभ देगी। किसी खबर से भ्रमित हो सकते हैं। व्यापार अच्छा रहेगा।

वृश्चिक राशि

कोर्ट-कचहरी के मामलों से दूर रहें। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। सूर्य को जल चढ़ाना लाभ देगा।

धनु राशि

आज भाग्य का साथ कम मिलेगा, इसलिए मेहनत पर भरोसा करें। यात्रा टालना बेहतर रहेगा। प्रेम और पारिवारिक जीवन में थोड़ी परेशानी रह सकती है। हनुमान जी की पूजा करें।

मकर राशि

चोट या किसी परेशानी का योग बन रहा है, इसलिए सावधानी रखें। जोखिम लेने से बचें। व्यापार सामान्य रहेगा। मां काली की पूजा शुभ रहेगी।

कुंभ राशि

स्वास्थ्य और जीवनसाथी दोनों का ध्यान रखें। नौकरी में जोखिम न लें। रिश्तों में सतर्कता जरूरी है। सूर्य को जल देना लाभकारी रहेगा।

मीन राशि

शत्रुओं पर विजय मिल सकती है, लेकिन मानसिक तनाव बना रहेगा। स्वास्थ्य थोड़ा प्रभावित हो सकता है। व्यापार सामान्य रहेगा। तांबे की वस्तु का दान करें।

महिलाओं के सशक्तीकरण की ओर बड़ा कदम: योगी सरकार का MoU, इस कार्य में बढ़ेंगे अवसर

लखनऊ/ सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक अहम पहल की है। ‘मिशन शक्ति’ के तहत प्रदेश सरकार ने गन्ना विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को गन्ना खेती और उससे जुड़े व्यवसायों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है।

गन्ना नर्सरी में महिलाओं की बढ़ेगी भूमिका

गन्ना आयुक्त मिनिस्थी एस. के अनुसार, प्रदेश में पहले से करीब 2.95 लाख महिला किसान गन्ना आपूर्ति से जुड़ी हैं। अब इस पहल के तहत:

  • 3,000+ स्वयं सहायता समूह (SHGs) शामिल
  • 57,000 से अधिक महिलाओं को जोड़ा गया
  • ‘सिंगल बड’ और ‘चिप बड’ तकनीक से पौध तैयार की जा रही है

इससे महिलाओं को घर के पास ही रोजगार मिलेगा और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध होगी।

खेती के साथ ‘बिजनेस’ का भी प्रशिक्षण

सरकार महिलाओं को सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें उद्यमी बनाने पर जोर दे रही है। MoU के तहत महिलाओं को मिलेगा:

  • प्रसंस्करण (Processing): गन्ने के रस से सिरका, जैविक गुड़ आदि बनाना
  • जैविक खाद निर्माण: खोई और प्रेस-मड से खाद तैयार करना
  • मार्केटिंग: उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच

इससे ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे उद्योग विकसित होंगे और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर कदम

सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सिर्फ लाभार्थी नहीं, बल्कि उद्यमी (Entrepreneur) बनाना है। इस पहल से:

  • गन्ने की उत्पादकता में सुधार होगा
  • 47.5 लाख किसानों को अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा
  • महिलाओं की आय में बढ़ोतरी होगी

साथ ही, सरकार इन समूहों को आसान ऋण, तकनीकी प्रशिक्षण और मार्केटिंग सहायता भी दे रही है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

यह पहल न सिर्फ महिला सशक्तीकरण को मजबूत करेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति देगी। ग्रामीण स्तर पर उद्योग बढ़ने से पलायन कम होगा और राज्य के 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।