महराजगंज/सर्वोदय न्यूज़ :- उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक बेहद चौंकाने वाला साइबर सुरक्षा उल्लंघन सामने आया है। जिलाधिकारी संतोष शर्मा की अध्यक्षता में जब गूगल मीट पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक चल रही थी, तभी अचानक स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चलने लगा, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
बैठक में चल रही थी गंभीर चर्चा
यह बैठक ई-चौपाल के माध्यम से प्राथमिक विद्यालयों के संसाधनों, मिड डे मील, पुस्तक वितरण, और स्कूल मर्जर जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी। जिले भर के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े हुए थे। इसी बीच, अचानक मीट में पोर्न फिल्म चलने लगी, जिससे सभी हैरान रह गए।
DM ने तुरंत मीटिंग रुकवाई, जांच के आदेश
घटना के तुरंत बाद DM संतोष शर्मा ने मीट बंद करवाई और पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर जांच के निर्देश दिए। यह भी संदेह जताया जा रहा है कि किसी हैकर ने मीटिंग में सेंध लगाकर अश्लील कंटेंट प्रसारित किया।
FIR दर्ज, साइबर टीम जुटी जांच में
बेसिक शिक्षा विभाग के खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। आरोप है कि न सिर्फ अश्लील वीडियो चलाया गया, बल्कि मीट में अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया।
अब साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम इस घटना की जांच में जुटी है और आईपी एड्रेस ट्रैक कर दोषियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। डीएम ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



