नरेंद्र मोदी को हटाना और केजरीवाल को सत्ता में लाना भी देशभक्ति; जंतर-मंतर से मनीष सिसोदिया का पीएम पर हमला

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- दिल्ली शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को आरोपमुक्त किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में जंतर-मंतर पर आयोजित सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।

सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम “काजल की कोठरी से बेदाग बाहर निकली है” और इसी साहस को सलाम करने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक जंतर-मंतर पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश अब केजरीवाल और आप को “कट्टर ईमानदार” मानता है।

प्रधानमंत्री पर सीधा निशाना

अपने संबोधन में सिसोदिया ने कहा कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री नहीं चाहिए जो जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर सत्ता में बने रहने की कोशिश करे। उन्होंने विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।

उन्होंने मंच से अपील करते हुए कहा कि “नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना देशभक्ति है और ईमानदार अरविंद केजरीवाल को सत्ता में लाना भी देशभक्ति है।”

‘देशभक्ति का नया अर्थ’

सिसोदिया ने कहा कि देश को एक शिक्षित, ईमानदार और दूरदर्शी नेतृत्व की जरूरत है, जो स्कूल, अस्पताल, रोजगार और व्यापार की बात करे। उन्होंने कहा कि अब हर देशभक्त का सपना होना चाहिए कि केजरीवाल को राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व का मौका मिले।

निजी पृष्ठभूमि का जिक्र

अपने संबोधन में सिसोदिया ने अपने पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि उनके दादा फौज में थे, पिता शिक्षक और नाना स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने कहा कि उनके भीतर देशभक्ति की भावना बचपन से रही है और केजरीवाल ने उस भावना को दिशा दी।

उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और युवाओं को रोजगार देना ही सच्ची देशभक्ति है, लेकिन अब समय आ गया है कि “देश को नरेंद्र मोदी से मुक्त कराना भी देशभक्ति का हिस्सा है।” सभा के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles