गुजरात से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या, राम मंदिर निर्माण को बताया ऐतिहासिक

अयोध्या/सर्वोदय न्यूज़:- धर्मनगरी अयोध्या में गुजरात से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। श्रद्धालुओं ने राम मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसे 500 वर्षों की आस्था और संघर्ष का परिणाम बताया।

भक्तों ने कहा कि वर्षों का लंबा इंतजार अब समाप्त हो चुका है और यह पल उनके लिए अत्यंत भावुक एवं गौरवपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भव्य मंदिर के दर्शन कर उन्हें आध्यात्मिक शांति और संतोष की अनुभूति हुई।

कथा व्यास रमन भाई शास्त्री ने बताया कि उनका संकल्प था कि प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के बाद वे अपने समूह के साथ अयोध्या आकर दर्शन करेंगे और भागवत कथा का आयोजन करेंगे। उन्होंने कहा, “प्रभु का मंदिर बन गया, हमारी आस्था पूर्ण हुई। अब हम सभी यहां आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।”

अयोध्या के विकास पर उन्होंने कहा कि रामनगरी में तेजी से परिवर्तन देखने को मिल रहा है। बेहतर सड़कें, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं इस बात का संकेत हैं कि सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है। उन्होंने इस विकास का श्रेय योगी आदित्यनाथ और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दिया।

यह भी पढ़े:- रुदौली-मवई में ‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे’ कार्यक्रम आयोजित, विधायक रामचंद्र यादव ने बांटी

धार्मिक कार्यक्रम में आयोजनकर्ता मंसू भाई रामाणी, सह-आयोजक माथुरभाई, मुख्य यजमान हिम्मत भाई रायानी, नरेश भाई भलाणा तथा माथुर भाई सोहलिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं ने एक स्वर में कहा कि अयोध्या केवल एक तीर्थ स्थल ही नहीं, बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था का केंद्र है, जहां आकर उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अनुभव हुआ।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles