न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- राजस्थान के नागौर जिले से एक बेहद अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यहां एक कबूतर ज्वेलरी शॉप से सोने की चेन उठाकर उड़ गया और कुछ ही देर बाद उसे अपने गले में पहनकर बैठा देखा गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोने-चांदी के बढ़ते दामों के बीच सामने आए इस वीडियो ने लोगों को हैरान करने के साथ-साथ खूब हंसाया भी है। ‘सोने की चेन पहने कबूतर’ का यह दृश्य सर्राफा बाजार के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।
डेगाना कस्बे का है मामला
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना नागौर जिले के डेगाना कस्बे की है। यहां सर्राफा बाजार में स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर रोजाना की तरह सोने के आभूषण बनाए जा रहे थे। दुकान के काउंटर पर कारीगर सोने की चेन पर काम कर रहे थे, तभी अचानक एक कबूतर उड़ता हुआ दुकान के अंदर आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, कबूतर ने काउंटर पर रखी सोने की चेन अपनी चोंच में दबाई और तेजी से बाहर उड़ गया। कुछ ही पलों बाद वह दुकान के बाहर पास ही बैठ गया।
कबूतर ने गले में पहन ली चेन
सबसे हैरान करने वाला नजारा तब देखने को मिला जब कबूतर ने चोंच में पकड़ी सोने की चेन को अपने गले में डाल लिया और आराम से वहीं बैठा रहा। यह दृश्य देखकर दुकान संचालक, कर्मचारी और आसपास के व्यापारी कुछ देर के लिए सन्न रह गए। कीमती सोने की चेन को इस तरह उड़ते और फिर कबूतर के गले में झूलते देख अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुकानदारों को डर था कि अगर कबूतर उड़ गया तो सोने की चेन हमेशा के लिए हाथ से निकल सकती है।
मशक्कत के बाद मिली चेन
इसके बाद दुकानदारों और आसपास मौजूद व्यापारियों ने सूझबूझ से काम लिया। बिना कबूतर को डराए, उस पर नजर रखी गई। काफी प्रयासों के बाद कबूतर ने आखिरकार चेन नीचे गिरा दी और उड़ गया। चेन सुरक्षित मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़े:- बीएसपी के खिलाफ हो रही साजिशों से सतर्क रहें कार्यकर्ता, सक्रियता बढ़ाएं: मायावती
ज्वेलरी शॉप संचालक ने बताया कि गनीमत रही कि कबूतर ज्यादा दूर नहीं गया। अगर वह उड़ जाता तो भारी नुकसान हो सकता था।
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो तेजी से वायरल हो गया और हजारों लोग इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, “लगता है कबूतर को भी सोने की कीमत समझ आ गई है।”
दूसरे ने चुटकी लेते हुए कहा, “अब कबूतर चिट्ठी नहीं, गोल्ड लेकर उड़ते हैं।”
एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा, “वैलेंटाइन डे से पहले अपनी गर्लफ्रेंड के लिए गिफ्ट ले जा रहा होगा।”
चर्चा में बना अनोखा मामला
कुल मिलाकर नागौर के डेगाना से सामने आई यह घटना लोगों के लिए हैरानी और मनोरंजन दोनों का कारण बनी हुई है। ज्वेलरी शॉप से सोने की चेन लेकर उड़ता कबूतर शायद ही किसी ने पहले देखा हो। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बना हुआ है।



