Islamabad Blast: जुमे की नमाज के दौरान इमामबाड़े में जोरदार धमाका, 10 की मौत; कई घायल, राजधानी में इमरजेंसी

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को बड़ा आतंकी धमाका हुआ है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शहजाद टाउन इलाके के तरलाई स्थित एक इमामबाड़े में जुमे की नमाज के दौरान तेज विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में इसे आत्मघाती हमला बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

राजधानी के अस्पतालों में आपातकाल घोषित

घटना की गंभीरता को देखते हुए इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है।
पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

PIMS के प्रवक्ता के अनुसार, अस्पताल की मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक वार्ड, बर्न यूनिट और न्यूरोलॉजी विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। घायलों को लगातार PIMS और पॉलीक्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

अब तक किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी

फिलहाल धमाके के पीछे किसका हाथ है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। जांच एजेंसियां मौके से सबूत जुटा रही हैं और फॉरेंसिक टीमें विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।
अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीर आतंकी साजिश मानकर जांच कर रही हैं।

यह भी पढ़े:- Railway New Rules: जहां से लिया टिकट, वहीं से करनी होगी बोर्डिंग; रेलवे बदलने जा रहा

अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

राजधानी की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

यह धमाका ऐसे समय हुआ है जब कुछ महीने पहले ही इस्लामाबाद के G-11 इलाके में एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ था।
11 नवंबर 2025 को जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुए विस्फोट में 12 लोगों की मौत और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। ताजा घटना ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल इस्लामाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles