महोबा में जल शक्ति मंत्री से हुई नोकझोंक के बाद नाराज़ विधायक बृजभूषण, बोले– जरूरत पड़ी तो लखनऊ में करेंगे घेराव

न्यूज़ डेस्क/सर्वोदय न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के एक दिवसीय दौरे पर आए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने ग्राम प्रधानों के साथ उनका काफिला रोक लिया। विधायक ने जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई। मंत्री और विधायक के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया।

घटना के बाद मंत्री और विधायक कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां अधिकारियों की मौजूदगी में एक घंटे से अधिक समय तक बैठक चली। बैठक समाप्त होने के बाद मंत्री अपने काफिले के साथ रवाना हो गए, जबकि विधायक बृजभूषण राजपूत ने खुलकर नाराजगी जाहिर की और कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह लखनऊ जाकर घेराव और धरना करेंगे।

दरअसल, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को जल जीवन मिशन के जल अर्पण दिवस कार्यक्रम में शामिल होने महोबा पहुंचे थे। कबरई विकासखंड के लिलवाही गांव में कार्यक्रम के बाद शहर के एक निजी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम से निकलते समय विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों और ग्राम प्रधानों के साथ सड़क पर वाहन लगाकर मंत्री के काफिले को रोक लिया।

विधायक ने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि कागजों में जिला भले ही बेहतर स्थिति में दिखाया जा रहा हो, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अलग हैं। सड़कों की मरम्मत और पाइपलाइन बिछाने के नाम पर लापरवाही हो रही है। विधानसभा में मुद्दा उठाने के बावजूद अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित हैं और ग्राम प्रधानों की शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है।

यह भी पढ़े:- भोजपुरी सिनेमा में पवन सिंह की नई फिल्म की चर्चा, ‘राजा जी के दिलवा’ का शुभ मुहूर्त संपन्न

विधायक के तेवर देखते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने समस्याओं को मौके पर देखने की बात कही और उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर कलेक्ट्रेट ले जाया गया। वहां ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

20 दिन में सुधार का मिला आश्वासन

बैठक के बाद विधायक बृजभूषण राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने 20 दिन के भीतर व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। विधायक ने चेतावनी दी कि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे लखनऊ जाकर धरना प्रदर्शन करेंगे।

बैठक में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, कोऑपरेटिव बैंक चेयरमैन चक्रपाणि त्रिपाठी सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles